उर्मिला राठौड़ ब्लॉग

उर्मिला राठौड़ के ब्लॉग में आपका स्वागत है
भोर का पहरी

भारत की आत्मा और रीढ़ की हड्डी कहे जाने वाले ‘ कृषक ‘ को शत्-शत्  नमन ।🙏

आषाढ़ की अंधेरी बादलों से भरी रात में अचानक कहीं से उठने वाली  मीठी तान के  स्वर ने पूरे वातावरण में मादकता फैला दी थी।  चारों तरफ स्वर  लहरिया बिखर गई थी। अचानक बादलों से रिमझिम वर्षा होने लगी। तब ऐसा लगा मानो बादल भी उस वातावरण की मदहोशी में मदहोश होकर भाव विह्वलता मे खो  गए हैं । छम -छम करती बुंदे अपने  घुंघरू की ताल पर नृत्य में लीन हो गई थी। पूरा वातावरण अंधेरे की चादर ओढ़े संगीत लहरियों में खो सा गया था । बीच में रह-रहकर आने वाला पीहू-पीहू का शोर विरहणियों के विरह को और बढा रहा था। दादुरो का टर्र-टर्र अँधेरे की गहराई बढाने लगे।धीरे-धीरे बर्षा का वेग शांत होने लगा और चारों तरफ निस्तब्धता छाने लगी जिससे संगीतमय वातावरण  भी नींद के आगोश में समा चुका था।
गतिशील प्रकृति की परिवर्तनशीलता के कारण आसमान में दृश्य बदलने लगा और भोर का जादू चारों तरफ छाने लगा।उदयाचल लालिमा -युक्त होकर सुंदर निखर गया था।रात्रि में बर्षा होने के कारण पेड़- पौधों पर नमी अभी भी छाई हुई थी।वातावरण में पक्षियों की चहचहाट बढ गई थी।अंधेरे का धुँधलका अभी पसरा हुआ था।ऐसे ही परिवेश में एक साया अँधेरे में तेजी से आगे बढे जा रहा था।कंधे पर हल और घुटनों तक धोती । साथ में चल रहे थे उसके सच्चे साथी दोनों बैल। बर्षा के कारण वातावरण में ठंडक हो रही थी ।उमस का कहीं नामोनिशान नहीं था ।अचानक मंदिर से घंटियों का स्वर सुनाई देने लगा ।धनिया के आंतरिक भाव भी उस स्वर में डूबते हुए गुनगुनाने लगे-“तेरी गठरी में लागा चोर मुसाफिर जाग जरा।”                 
                    धनिया श्योपुर गाँव में रहने वाला एक किसान था मौसम  और परिस्तिथियों के अनुसार स्वर के भावों में खो जाना उसकी आदत थी इसलिए बर्षा की बूँदों में छिपे संगीत के साथ अपने भावों को एकाकार कल रात धनिया ही कर रहा था।
श्योपुर गाँव मरु भूमि की मिठास से परिपूर्ण था।दूर-दूर तक फैले रतीले धोरे ,चाँदी के समान चमकती बालू रेत और पानी की मसक्कत में लगा रहने वाला मानवीय जीवन वहाँ की जीवटता लिए हुए था। इसी जिजीविषा का यथार्थ रुप था ,धनिया।
धनिया मंझोले कद -काटी ,गोल चेहरा और उस पर घनी मुँछों के साथ पैतालिस से कुछ ऊपर का था।जैसा नाम वैसा ही  उसका मन यानि मन का धनी।
धनिया आज कुछ ज्यादा ही खुश नज़र आ रहा था क्योंकि
इस बार बर्षा देरी से हुई थी लेकिन जमकर कर हुई थी इसलिए इस बार उसे क्या बोना है ?कितना बोनाहै?आदि से जुडी़ योजना बनाते हुए अपने खेतो की ओर बढ़े जा रहा था।तभी उसे अपने खेत के पडो़सी दीनूकाका मिल गए।उसे देखते ही बोल पडे़ -“अरे धनिया इतने सवेरे-सवेरे कहाँ जा रहे हो?”उसने उत्तर दिया -“वो क्या है ना काका,खेतों की गुडा़ई करनी है,खाद डालनी हैऔर फिर धान की बुवाई की योजना बनानी है, क्योंकि पिछली बार भी  सही बर्षा नहीं होने के कारण समय पर यह सब कार्य नहीं हो पाया था और इस बार भी बर्षा देरी से हुई है ,इसलिए सारे कार्य जल्दी-जल्दी करने होंगे ।”                                      “बात  तो तू पत्ते की कह रहा है,भाई।” ऐसे कहने के साथ ही दीनू काका सोच में पड़ गए।उन्हें विचारों में खोया देख धनिये ने कहा-
“अच्छा काका अब मैं चलता हूँ।”
“ठीक है,बेटा।मैं भी कुछ इंतजाम करता हूँ।”
इसी के साथ धनिया  तो चला गया लेकिन दीनूकाका अपनी बैशाखी टिकाएँ वहीं खडे़ घर के हालात और खेती से जुड़े कार्यो की समीक्षा करने लगे ,क्योंकि कल रात को जब बर्षा हो रही थी तब खुश होकर उसने अपने बड़े बेटे से खाद -बीज के इंतजाम के लिए कहा ,तब उसकी पत्नी ने घर में कोहराम मचा दिया था क्योंकि वह उनसे अलग होना चाहती थी और अपनी खेती भी अलग ही करना चाहती थी ।अब बेटे के सामने  समस्या यह थी कि वह क्या करे?अगर वह अलग खेती करे तो बापू का क्या होगा ?क्योंकि दो साल पहले ठाकूर के यहाँ ट्रेक्टर से बिजाई कर रहे थे उस वक्त गलती से उसके बापू का  एक पैर ट्रेक्टर के नीचे आ गया था तो घूटने से नीचे का पैर काटना पडा़। इसलिए वह तो अब बुवाई नहीं कर सकता है।बापू के अलावा घर में उसकी दो बहने  और एक आठ साल का भाई हैं ,वे कैसे यह कार्य करेंगे ?इसलिए उसने कोई जवाब नही दिया और उठकर वहाँ से चला गया।उसकी पत्नी ने तो घर में वैसे ही माहौल खराब कर रखा था।
धनिया खेत पहुँचकर वहीं मेढ़ पर थोड़ी देर के लिए सुस्ताने के लिए बैठ गया और सोचने लगा कि वह खेती से जुडे़ कार्यो के लिए किनसे ऋण ले ।मन ही मन सोचा कि इस बार महाजन से तो ऋण लेगा ही नहीं क्योंकि उसके काले कारनामें उसे अच्छे से पता हैं ।पिछले साल किस तरह उसने बंशी से उसकी सारी जमीन धोखे से अपने नाम करवाली थी।फिर क्या करे?ऐसा सोचते-सोचते वह अपने काम  में लग गया।
धनिये को खेतों की गुड़ाई करते-करते दोपहर चढ़ आई थी।
अब उसे भूख भी महसूस होने लगी थी इसलिए थककर एक हरी-भरी खेजडी़ के नीचे बैठ कर अपनी पत्नी का इंतजार करने लगा ।दोनों बैल भी उसके पास ही बैठ गए थेऔर जुगाली करने लगे तो धनिया अपने बैलो के सिर पर हाथ फैरने लगा। पत्नी अभी तक नहीं आई थी।इसलिए थके होने  के कारण उसकी आँख लग गई। अचानक उसके कानों में मरियल सी आवाज सुनाई दी-
” अजी सुनते हो,खाना परोस दूँ क्या?” उसने आँखें खोली और आँखें मलते हुए उठकर बैठ गया और पूछा  “क्या हुआ आज देरी कैसे  हो गई?” पत्नी कुछ देर तो शांत रही फिर बोली  “आज माधू की तबियत और बिगड़ गई थी इसलिए देरी हो गई।।”
“अब कैसा है?”
“अब  ठीक हैं ,अम्मा है  उसके पास, इसलिए में यहाँ आ गई।” इसी के साथ वह खाना परोसने लगी और धनिया कुछ सोचने लगा। पत्नी ने प्याज और पिसी मिर्च के साथ उसे रोटी पकडा़ दी और एक गिलास में छाछ डाल दी।खाना खाने के बाद धनिया ने अपनी पत्नी से कहा-
“अब तुम जाओ,मैं शाम को आते वक्त वैधजी से माधू के लिए दवाई लेते आऊँगा।”
पत्नी ने कहा-“ठीक है।तुम अपना ध्यान रखना।”
माधू धनिया का इकलौता बेटा है।वह थोडा़ बोधा सा था,लेकिन पति-पत्नी दोनों अपने बेटे का बहुत ध्यान रखते थे ।उसकी बहुत सेवा -चाकरी भी करते थे।उसे कभी -कभी मिर्गी के दौरे भी पड़ते थे इसलिए कोई न कोई उसके पास हरदम रहता था।धनिया के परिवार में माँ ,पत्नी और यह बेटा ही था। उसे सहायता करने वालो में कोई नहीं था इसलिए घर खर्चे से जुड़े सारे कार्य उसे ही करने होते थे लेकिन उसने कभी भी भगवान को नहीं कोसा और नहीं अपने कर्मो को दोष दिया ।इसे भगवान का आशीर्वाद मान सहजता से स्वीकार कर लिया ।उसकी नज़र में ऐसे बच्चें परमात्मा के दिल के सबसे नजदीक होते हैं तो उसके अनुसार  हमे भी इन्हें ज्यादा प्यार मोहब्बत देनी चाहिए। धनिया था भी भगवान का सच्चा बंदा ।वह कभी लालच नहीं करता था और नहीं वह स्वार्थी था ।जब दुखी होता तो अपने ईष्ट की आराधना में खोकर भावो को शब्दों में पिरो देता था। वैसे भी उसके गले में साक्षत सरस्वती का निवास था इसलिए जब भी गाता वातावरण भी उसके भावों में एकाकार हो जाता था ।धनिया गाता जाता और उसका आंतरिक दर्द आँसू बन उसकी आँखों से बह जाता।धनिया अपने बैलो से भी अपने बेटे के समान  प्यार करता था।बैल भी अपने मालिक की हर एक बात समझते थे इसलिए उसकी एक चिटकार पर दौड़ पड़ते थे।
पूरे दिन की मेहनत के बाद थकाहारा वह आपने बैलो के साथ घर लौटने लगा जब अपने घर पहुँचने वाला था तब अचानक उसे याद आया कि उसे अपने बेटे के लिए दवाई लेनी है तो तुरंत वहीं से अपने बैलों के साथ वैद्ध जी के घर की ओर चला गया ।दोनो बैलों को पेड़ से बाँध वह भीतर चला गया।वैद्ध जी ने उसे दवा की पुड़िया बनाकर दे दी।उसने उन्हें पैसे दिए और धन्यवाद देते हुए बाहर आ गया।
पर यह क्या?वहाँ दोनों बैलों में से एक बैल गायब था।उसने इधर-उधर ढूँढ़ा लेकिन उसका बैल कहीं नहीं मिला वैद्ध जी भी बाहर आ गए,उन्होंने भी उसकी सहायता करी लेकिन सब बेकार गया क्योंकि उसका बैल नहीं मिला।धनिया दुखी होकर वहीं पेड़ के नीचे अपने एक बैल के गले लगकर रोने लगा ।वह मूक पशु भी शायद उसके दर्द को महसूस कर रहा था इसलिए उसकी आँखों से भी अश्रु धारा बह निकली । तब  वैद्ध जी ने  उसे समझाया और धैर्य रखने के लिए कहा।उनके समझाने के बाद धनिया दुखी मन से घर की ओर रवाना हो गया।घर  के पिछवाडे़ पहुँचकर उसने दुखी मन से अपने एक बैल  को बाँधा और घर के अंदर पहुँचा तो वहाँ का दृश्य देख उसके पैर ही काँपने लगे क्योंकि उसका बेटा  जमीन पर औंधा पडा़ तड़प रहा था और उसकी माँ और पत्नी उसके हाथ -पैर मसल रहे थे ।साथ में दोनो की आँखों से गंगा -जमूना बह रही थी इसलिए उन्हें यह पता ही नहीं चला कि धनिया भी पीछे खडा़ था।वह दृश्य देख धनिया तुरंत अपनी जेब में रखी दवाई निकालकर पत्नी को दी। और स्वयं ने उसे सीधा करा और उसके सिर पर हाथ फैरने लगा। उसकी पत्नी ने बेटे को दवाई दी।दवाई देने के काफी देर बाद उसकी थोड़ी हालत ठीक हुई तो उसने आपने बेटे का लार से भरा मुँह अपने गमछे से पोंछकर साफ करा और उसे चारपाई पर लिटा दिया।बेटा अब आराम से सो गया ।उसे सोया देख उसने अपनी माँ से पुछा “यह कब हुआ?”
माँ ने कहा “बेटा आज तो दोपहर के बाद थोडी़-थोड़ी देर से ही इसकी तबीयत खराब हो रही है।”
माँ की बात सुन उसने बैल की घटना के बारे में उनको नहीं बताया और चुपचाप घर के बाहर जाकर बैठ गया।कितनी ही देर वह ऐसे ही बैठा रहा तब पत्नी ने उसे खाने के लिए पूछा तो उसने मना कर दिया और अपनी खंजडी़ उठा मन का दर्द शब्दों में उडेल दिया ।डिमक-डिमक उसकी खंजडी़ बजने लगी -“काहे का गरभ करे मनवा ,जीवण दुखों री कडी़………।”के शब्द फिजा में घुल कर लोगों के दिलों में भी दर्द का सैलाब पैदा करने ले ।इसी सैलाब में बहने वालों में प्रमुख थे, -दीनूकाका।
दीनूकाका अपनी स्थिति और घर के माहौल से विवश होने के कारण उन भावों में अपने दर्द को सांझा करने लगे और विवशता आँसू बहाने लगी ।क्योंकि उनके सामने सबसे बडी़ समस्या यह थी कि अब किस तरह खेतों में बुवाई करेंगे ?बहूँ ने तो बेटे को साफ कह दिया कि अगर उसने उनकी सहायता करी तो वह कुएँ में कूदकर अपनी जान दे देगी इसलिए बेबसी का शिकार बेटे ने तो दो दिन से झोपडी़ के बाहर कदम भी नहीं रखा ।पूरे दिन अंदर ही पड़ा रहा ।
इसलिए जैसे-जैसे धनिये का वेग शब्दों में फूट रहा था वैसा ही वेग दीनूकाका की आँखें बहा रही थी।अचानक स्पर्श पाकर काका ने पीछे पलट कर देखा तो पत्नी  को वहाँ खड़े पाया।पत्नी ने कहा-“क्यों जीव छोटा करते हो जी ,कोई न कोई  रास्ता जरुर निकल जायेगा ।आप चिंता मत करो।”
“चिंता की ही बात है,बेटा काम करेगा नही और मैं कर सकता नहीं तो काम होगा कैसे?यही चिंता मुझे खाई जा रही है।काश उस दिन मेरे पैर के साथ मेरी गर्दन ही दब जाती तो कितना अच्छा होता।”इतना कहते ही वह फूट पडे़।तब पत्नी ने कहा “आप ऐसे कमजोर मत होओ जी ,भगवान कोई सहायता  जरुर करेगा।”कहने को तो वह अपने पति को धीरज बंधा रही थी ,लेकिन उसकी हिचकियो ने सारा राज खोल दिया।दोनों पति-पत्नी मर्म के गर्त में दबने लगे।
उसकी बड़ी बेटी जिसकी आयु पंद्रह-सोलह के करीब थी उस ने अपने माता-पिता की सारी बाते सुनने के बाद  आँसू भरी आँखों में  एक योजना बनाई ।उसने अपनी छोटी बहन को  भी उठाया और अपनी योजना समझाई ।छोटी बहन ने भी उसका साथ देने का वादा किया और दोनों सुबह होने का इंतजार करने लगी।
भोर के पहरी के आने से पहले ही उसने (बड़ी बेटी )अपने लिए रोटियाँ बनाई और माँ को जगाते हुए कहा-“माँ आज मैं और छोटी दोनों बैलों को खेत ले जाए क्या?बिचारे कब से चरनी पर ही खड़े हैं।बारिश भी हो गई है।इनको भी अच्छा लगेगा।”माँ ने कहा “जाओ पर देखो वक्त पर वापिस आ जाना।”   “ठीक है माँ ।हम यह ध्यान रखेंगे और साथ में थोडी़ खेत की गुडाई भी कर लेंगे।”
“जो भी करो ,पर ध्यान से करना और टेम पर घर आ जाना।”
“चल छोटी।” कहते हुए धीरे से कहा  ” तुने धान अच्छे से बांध दिया है,ना।”
“हाँ जीजी।”
“तो चल फिर उठा गठरी ,मैं बैलों को लेकर आती हूँ ।”
“ठीक है , जीजी।”
दोनों बहनों ने रात को ही कोटियार  से दस-बारह किलो धान निकाल कर तेल के टिमटिमाते दीपक की लौ में उसे साफ कर पोटली में बांध कर तैयार कर  बाहर बैलों के चारे के पास रख दिया था ताकि किसी को पता ही नही चले।जब वह घर से रवाना हुई तो माँ बाहर तक उन्हें छोड़ने भी आई लेकिन धान पर उनकी नज़र नहीं पडी़ क्योंकि छोटी बहन ने माँ से छिपाते हुए उसे उठा  लिया और चल पडी़ ।बड़ी बहन बैलों को हाँक कर ले जा रही थी तो छोटी धान लादे चल रही थी।नये जोश और उत्साह में भरी वे दोनों मुँह अँधेरे ही खेत में पहूँच गई थी।वहाँ पहुँच कर पहले तो उन दोनों ने थोड़ा विश्राम किया और फिर वहीं झोंपडी़ में पडे़ हलों को खींचकर लेकर आई और दोनों बैलों से जोड़ दिया फिर बड़ी बेटी ने धान की पोटली  अपने कमर से कसकर बाँध ली और अपनी बहन को सहायता के लिए तैयार कर लिया।तब छोटी बहन ने यकायक पुछ लिया”जीजी हम यह काम कर तो लेंगी ना।”
“हमने किसान के घर जन्म लिया है, छुटकी इसलिए हिम्मत तो परमात्मा अपने आप  देकर ही भेजता है,समझी।”बड़ी बहन ने जोश के साथ  उत्तर दिया।
“समझ गई जीजी।”
जैसे ही दोनों बहने तैयार होकर मैदान  ए  जंग में उतरी उधर उदयाचल में भगवान भास्कर भी उदित होकर अपनी सुनहरी किरणे चारों तरफ फैला  उन दोनों को आशीर्वाद देने लगे।पंछियों का कलरव बढ़ चुका था तब ऐसा प्रतीत हो रहा था मानों वे सब उन दोनों के लिए मंगल कामना से भरे गीत गा रहें हो।
दोनों बहने कर्मठता से अपने काम में जुट गई, उसका तेज यानि श्रम बिन्दू उनकी पेशानी पर चमकने लगे।
अपने आंतरिक मर्म की गहराइयों में गोते लगाते -लगाते कब धनिया उनमें बह गया उसे खुद भी पता नहीं चलाअचानक पत्नी के उखड़े शब्दों को सुन वह चौंक कर बोला “क्या है भाग्यवान ?माधू तो ठीक है ना ।”
पत्नी  ने टूटते हुए कहा”माधू के बापू ,मेरे माधू को बचा लो।”इतना कहने के साथ ही  वह वहीं गिर पड़ी,और रोने लगी ।धनिया  ने उसे शांत करते हुए समझाता है और स्वयं अंदर जाकर देखाहतो माधू का शरीर मिर्गी के कारण अकडा़ हुआ काँप रहा था। उसकी यह हालत देखी नहीं जा रहीं थी ।तब धनिया दौड़कर वैद्ध जी के पास गया ।वैद्ध जी सुबह के कार्यो से निर्वत होकर बाहर दलान में अपनी अम्मा से बतिया रहे थे।धनिया ने वैद्ध जी के पैर पकड़कर कहा  “आप मेरे माधू को बचा लिजिए वैद्ध जी।उसकी तबियत तो ज्यादा खराब होती जा रही है ।कल वाली दवाई कोई असर नहीं कर रही है।”इसी के साथ वह रोने लगा ।
तब वैद्ध जी ने उसे शांत करते हुए कहा कि “देखो धनिया मैने अपनी तरफ से उसे अच्छी दवाइयाँ ही दी है लेकिन अब वह उसके असर नहीं कर रही है तो हमें उसे शहर के डॉक्टर को  दिखाना चाहिए।”इतना कहते ही वैद्ध जी चूप हो गए और धनिया सोच में डूब गया ।उसे इस हालत में देख वैद्ध जी ने कहा “हमारे गाँव में भी एक शहर के डॉक्टर सप्ताह में तीन दिन आते हैं ,आज उनके आने की बारी है ,तुम कहो तो मैं उनसे बात कर लेता हूँ।”
धनिया हाथ जोड़कर कहने लगा “आपको जो सही लगे ,वो कीजिए पर मेरा बेटा बच जाना चाहिए ।”
तब वैद्ध जी ने आगे कहा “लेकिन धनिया वह तो अलग से पैसे लेंगे उनका इलाज ज़रा मंहगा होता है।” कुछ देर वह सोचता रहा फिर बोला”आप पैसे की चिंता मत करो में इंतजाम कर लूँगा।”
“तो तुम जाओ । मैं उनसे बात करता हूँ।हाँ पैसो का इंतजाम करके ही आना।”
“ठीक है वैद्ध जी।”इतना कहते हुए धनिया वहाँ से सीधा साहुकार के घर गया ।साहुकार अपने घर के चबूतरे पर बैठे हुक्का  गुड़गुडा़ रहे थे। सुबह -सुबह धनिये को आया देख साहुकार ने जोर कहा “क्यों धनिया आज सुबह -सुबह कैसे आना हुआ।”
धनिया आँखों में आँसू भरकर कहने लगा “माई -बाप आप से क्या छिपा है। मेरे छोरे की कल से तबीयत ठीक नहीं है ।इसलिए शहर के डॉक्टर को दिखाना है तो आप कुछ रुपये दे दीजिए ।”
साहुकार उसकी बात सुनते ही कहा “पैसे तो मैं तुम्हें दे दूँगा लेकिन बदले में तू क्या गिरवी रखेगा?”
तो उसने उत्तर दिया “आप मेरे खेत के टूकड़े को रख लिजिए लेकिन मुझे पैसे जरा जल्दी दे दीजिए।”
“कौनसा खेत का टूकडा़ ।तेरा खेत तो मेरे पास कब से रखा है।अब कौनसा रखेगा?”
धनिया के पैर काँपने लगे ।वह सोचने लगा उसने तो अपना खेत कभी गिरवी रखा ही नहीं ।फिर यह कैसे हो गया ?ऐसा सोचते हुए उसने साहूकार से कहा”मालिक मैने कब अपना खेत आपके पास रखा मुझे तो याद नहीं आ रहा है?उसकी बात सुन साहूकार को गुस्सा आ गया और गुस्से में चिल्लाते हुए कहने लगा “तो क्या मैं झूठ बोल रहा हूँ। कलूआ लाकर इसे बही दिखा दे।”कलुआ उसे बही लाकर दिखा गया ।वह देख धनिये से वहाँ खडा़ भी रहा नहीं गयाऔर धडा़म से वह वहीं गिर पडा़ ।साहुकार ने उसे पैसे देने से मना कर दिया।बोझिल मन से वह घर की ओर रवाना हो गया।
वैसे ही हमारा कृषक समास जितना मेहनती होता है,उतना ही सीधा होता है ।तभी वे महाजनों और साहुकारों के चुंगलो में सहजता से फंस जाता है।
घर के दहलीज पर  वह चूपचाप बैठ आँसू बहाने लगा ।तभी उसकी पत्नी वहाँ आई और उससे पूछने लगी ।
“क्यों जी वैद्ध जी ने क्या कहा?क्या आपको कोई और दवाई दी है।”धनिये ने ना में सिर हिला दिया और इसी के साथ उसने वह पूरी कहानी उसे सुना दी ।पूरी बात सुनने के बाद वह भी उसके पास बैठ गई और दोनों रोने लगे क्योंकि घर में इतने पैसे थे नहीं की बेटे का इलाज करा सके ।उन दोनों की सारी बातें धनिये की वृद्ध माँ सुन रही थी। धीरे-धीरे चलकर वह उन दोनों के पास आई और धनिये को अपने गले  की हँसली(गले में पहनने का गहना)निकालकर देते हुए कहा “ले बेटा इसे बेच दे और मेरे पोते का इलाज करा।”बेटे ने अचानक पीछे पलटकर देखा और माँ से कहा-“माँ आप यह क्या कह रहे हो ।यह आपका है माँ ।आपका गला सुना हो जायेगा ।”तब माँ ने कहा “मेरे असली गहने तो तुम सब हो। तुम ठीक तो ,सब ठीक ।गले में तो धागा भी बाँधा जा सकता है ।इसलिए अब देर मत कर ।देख मेरा पोता बहुत दुख पा रहा है ।उसे डॉक्टर साहब के पास ले जा ।”
माँ के जोर देने पर धनिये ने उस गहने को सुनार को बेचा और रूपये लेकर उसका इलाज कराने ले गया ।दोनों पति-पत्नी पूरे दिन अपने बेटे के पास ही डॉक्टर साहब के घर पर ही रहे ।संध्या तक माधू की तबीयत में काफी सुधार हो गया था इसलिए डॉक्टर साहब ने उसे घर ले जाने के लिए कह दिया और साथ ही एतिहात के तौर पर ध्यान रखने का कह दवाइयाँ भी दे दी। दोनों पति-पत्नी डॉक्टर साहब को धन्यवाद देते हुए मन में शांति को अनुभव करते हुए बेटे के साथ घर लौट आए।
धनिया घर के अंदर बेटे को सुलाकर बाहर आकर बैठ गया और इन चौबीस घंटों में घटी घटना पर  विचार करने लगा तभी माँ ने आकर धनिये से पुछा “रे धनिया हमारा एक बैल कहाँ गया?चरनी पर तो एक ही बैल खडा़ है।उसने भी आज पूरे दिन भर में कुछ नहीं खाया।”
धनिये ने कोई उत्तर नहीं दिया।चूपचाप बैठा रहा ।तब माँ ने फिर से जोर देते हुए कहा “धनिया मैं तुम से कुछ पूछ रही हूँ । हमारा एक बैल कहाँ है?
माँ के बार-बार पूछने पर धनिये ने उसे पूरी बात बता दी और इसी के साथ पूरे दिन का दर्द माँ के सामने आँखों के रास्ते फूट पडा़।माँ की गोद में वह छोटे बच्चें के समान बिलख -बिलख कर रोने लगा ।तब माँ ने उसे ढाँढस बंधाते हुए शांति रखने के लिए कहा और उसके सिर में हाथ फैरते हुए गहरी चिंता में खो गई।उस रात घर में कोई हलचल नहीं हुई ।दो दिन की थकान और चिंता से घिरे परिवार को कब नींद आ गई पता ही नहीं चला।
सुबह सूरज की हल्की-हल्की उजासी चारों तरफ फैल चुकी थी लेकिन धनिया अभी भी चारपाई पर बैठा कुछ सोच रहा था तभी पत्नी ने आकर उसकी तन्द्रा भंग की और कहा-“अब उठ भी जाओ देखों सूरज इतना उपर चढ आया है ।खेत नहीं चलना क्या?
उसने उत्तर दिया “अब खेत जाकर करूँगा क्या ?एक बैल से तो बुवाई  होने से रही। दूसरा बैल खरीदने की अभी कोई गुंजाईस नही है।”
तब पत्नी ने उसे समझाते हुए कहाँ “तुम चलो तो सही ।देखते हैं क्या होता है?फिर साहूकार के लिए हुए रूपये भी चुकाने हैं।”
फत्नी के ज्यादा जोर देने पर  धनिया  तैयार हो गया और पत्नी तथा एक बैल  के साथ खेत की ओर रवाना हो गया ।
आज उसके चेहरे पर कोई खुशी नहीं थी ।इसलिए अनमने भाव से खेत के मेढ पर जाकर बैठ गया ।खेत की गुडाई तो पहले ही पूरी हो गई थी।बस बुवाई करनी रह गई थी।वह मेढ पर बैठा कुछ सोच रहा था ।उधर पत्नी धान, बैल और हल आदि की तैयारी कर उसे आवाज लगाने लगी
“अजी सुनते हो ।जल्दी यहाँ आ जाओ  नहीं तो धूप तेज हो जायेगी तो काम पूरा नहीं होगा ।”
अचानक उसकी नजर पत्नी पर पडी़ ।उसने देखा कि उसकी पत्नी उस बैल के जोडी़दार के रुप में खुद को तैयार कर बांध चुकी है। उसे यह अच्छा नहीं लगा।तुरंत दौड़कर उसके पास गया और कहने लगा-“तुम यह क्या कर रही हो?खोलो उसको ।”
तब उसकी पत्नी ने कहा “देखों  हमें काम करना है। इस बहसबाजी में रहे तो हमारा काम नहीं होगा  इसलिए तुम बीज बुवाई का काम करो और इस बैल के साथ मुझे ही चलने दो।”
तब उसने कहा “अच्छा तुम बीज बुवाई करो  ।बैल के साथ मैं चलता हूँ ।”तब उसने कहा पहले यह काम मुझे ही करने दो जब मैं थक जाऊँगी तब आप आ जाना ।ठीक है।”
पत्नी की जिद के आगे उसकी एक नहीं चली और उदासी में डूबा धनिया यह काम करने लगा।
उन दोनों को यह काम करते काफी समय हो गया था।दिन भी चढ आया था लेकिन दोनों में से किसी के चेहरे पर कोई थकान के चिह्न नहीं दिखाई दे रहे थे ।पता नहीं कौनसे जोश में वह यह काम किए जा रहे थे।
उधर पडो़स में उन दोनों बहनों ने  इन दो दिनों में खेत की गुडाई  के साथ आज पूरे खेत की बुवाई भी पूरी कर ली ।दोपहर में दोनों बहने थोडी़ देर सुस्ताने के लिए बैठी तभी बडी़ बहन की नजर धनिए की पत्नी पर पडी़ ।उस दृश्य ने उसे सोचने पर मजबूर कर दिया और वह उठकर उधर जाने लगी और अपनी बहन से कहा “छुटकी तू खाना निकाल मैं अभी आई ।”
वहाँ जाकर उसने धनिये से कहा “धोक दूँ काका।”
“जीते रहो बेटा”धनिये ने उत्तर दिया।
“काका आपका एक बैल कहाँ गया?”
धनिये की पत्नी  ने उसे सारी बात बता दी।
फिर उसने कुछ सोचा और कहा “काका ,हमारे खेत की बुवाई तो हो चुकी है। क्यों ने आप हमारे बैल को काम में ले लो।”
धनिया उस बच्ची को कृतज्ञ नैत्रों से निहारने लगा इसी के साथ उसकी आँखों से आँसू बहने लगे। तब वह कहने लगी “काका पडो़सी ही पडोसी के काम आता । आज आपको जरूरत है ,तो कल हमें होगी ।हम आपस में ही मिलजुल कर अपना काम कर पाऐंगे ।इसलिए आप चिंता मत करो।”
फिर उसने अपना एक बैल उनको लाकर दे दिया ।धनिया पूरे जोश के साथ अपने काम में लग गया ।आज उसे थकान भी महसूस नहीं हो रही थी बल्कि अंदर एक अलग उत्साह उत्फन्न हो गया था । पत्नी के ज्यादा जोर देने के बाद वह थोडी़ देर आराम करने लगा ।जब उसे उन लड़कियों के काम के बारे में पता चला तो उसे बहुत आश्चर्य हुआ और साथ ही अपने पिता के प्रति प्रेम और त्याग को जान उसे बहुत खुशी हुई। अब वह दुगुने जोश के साथ अपने काम जुट गया ।पर यह क्या?कल जो दुख के अथाह सागर में डूबा व्यक्ति आज उत्साह के स्वर अलापने लगा क्योंकि उसके भाव उसके गले से फूटने जो लग गए थे
-“काहें की सोच -विचार रे मनवा ,जीवन ने गले लगा ले……।
उधर उन लड़कियों के हाथों में भी तेजी आ गई थी इतने सुंदर भावों को सुन। उनके हाथों की अँगुलियाँ उस ताल के अनुसार चलने लगी थी।
आज उन्होंने अपना काम जल्दी ही खतम कर लिया था इसलिए दोनों बैलों को धनिये को सौंपा और घर लौट आई।
घर आकर उन्होंने  अपने काका से धनिया के बैल के साथ जो हुआ वह बता दिया और अपने बैल धनिये को दिए हैं यह भी बता दिया तो दीनू काका ने अपनी बेटियों को शबाशी दी और कहा “बेटा आज तुमने बहुत ही अच्छा काम करा है।खुश रहो बेटा।” ऐसा कहते हुए उनकी आँखों से चुपके  से दो आँसू ढलक कर आँखों की कोर भिगो गए।बेटियाँ घर में अपनी माँ का हाथ बटाने लगी ।उनको देख ऐसा नहीं लग रहा था कि ये इतनी मेहनत का कार्य कर के आई है।
उधर धनिया अपना काम पूरा कर पत्नी के साथ घर लौट आया।अपना बैल पत्नी को थमाकर स्वयं  दीनूकाका के घर की ओर चला गया क्योंकि उन्हें उनके बैल जो सम्भलाने थे ।दीनू काका घर के बाहर चबूतरे पर उदास बैठे थे तभी धनिये ने वहाँ आकर उनकी उदासी दूर करते हुए कहा-“राम-राम काका।”
“राम-राम भाई।”
“धन्यवाद काका। आपने आज मेरी बहुत सहायता करी ।यह ऋण मैं कभी भी नहीं चुका पाहूँगा।”
“कैसा ऋणबेटा?हमारे बैल तो घर में ऐसे ही खड़े थे।तुमने काम में ले लिए तो कौनसी आफत आ गई।कम से कम तुम्हारे खेत की बुवाई तो हो गई और हाँ, तुम्हारा बेटा माधू  कैसा है?काका के मुँह से निराशा की बाते सुन धनिया सोच में पड़ गया  फिर कुछ सोचते हुए कहने लगा ।
“माधू तो अब ठीक है, काका !लेकिन आप इस तरह यह उदासी की बातें क्यों कर रहे हो?”
“और क्या करू बेटा ,मेरे खेत की तो बुवाई होने से रही।समय निकलता जा रहा है और बुवाई करने का तरीका मुझे समझ नहीं आ रहा है।”
“आप यह क्या कह रहे हो काका?मुझे कुछ समझ में नहीं आया।आप कह रहे हो कि आपके खेत की बुवाई नहीं हुई  जबकि आपके खेतों की तो बुवाई भी हो गई और गुडाई भी और साथ में खेत की मेढ भी ठीक हो गई है।”
काका अचानक चौंककर बोले “यह क्या कह रहे हो तुम?”
“हाँ काका मैं सच कह रहा हूँ।”
“किसने करा यह काम?”
“काका यह काम आपकी दोनों बेटियों ने करा है।”
इतना सुनते ही काका के मुँह से शब्द ही नहीं निकले ।आँखें आँसूओ के सैलाब में डूब गई।तब तक दोनों बेटियाँ वहाँ आ चुकी थी ।उन दोनों ने अपने सिर अपने पिता की गोद में रख दिया। काका बिना कुछ कहें उन दोनों के सिर पर हाथ फैरने लगे ।पिता और बेटियों की आँखों से गंगा -जमूना बह निकली।उधर दरवाजे पर खड़ी माँ गर्व अनुभव कर रही थी।पिता और बेटियों के इस अनोखे प्रेम को देख धनिये की पलके भी भीग गई थी। इसलिए काका को धन्यवाद देकर वह  अपने घर चला गया।आज उसका रोम-रोम एक अलग उत्साह को महसूस कर रहा था। इसलिए घर पहुँचकर खाना खाया और अपनी खंजडी पर भावों को व्यक्त करने लगा –
“राम नाम की टेर है,वही राखे है फैर ।फिर क्यों डरे रे मनवा………।
जैसे -जैसे वह भावों खोता जा रहा था वैसे-वैसे आसमान पर छाए बादलों के बंधन खुलते जा रहे थे।काका की भी आज बैशाखी एक मजबूत पकड़ ले चूकी थी ।इसलिए उनके मन में निराशा के भाव नहीं बल्कि आत्मविश्वास चमक रहे थे जो आसमान की बिजली से होड़ ले रहे थे।इसलिए वह भी उन भावों में डूबते चले गए ।

MS Urmila Rathore 🙏

2500cookie-checkभोर का पहरी

3 thoughts on “भोर का पहरी”

Leave comment

Your email address will not be published. Required fields are marked with *.