‘चीख’
गांव के किनारे खड़ा बरगद का पेड़ असंख्य पक्षियों को आश्रय दिए हुए था। जीवन के इतने पड़ावो के बीच उसने अनेक पक्षियों के जीवन की अच्छी बुरी परिस्थितियों को देखा था।जो कभी उसे डरा देती तो कभी नटखट शरारतो से खुश होने का कारण भी बनती थी।
उसी बरगद के पास रामू की पत्नी अपनी चार साल की बिटिया के साथ रहती थी। रामू को दमा था, इसी वजह से उसकी दो साल पहले मृत्यु हो गई थी। रामू की पत्नी दिन-रात खेतों में मजदूरी करके अपने छोटे से परिवार का लालन पालन कर रही थी । काम पर जाते समय अपनी बेटी को पास में रहने वाली बुढी दादी के पास छोड़ जाती थी, लेकिन आज जब वह काम पर जा रही थी,तो उसका मन कुछ अजीब हो रहा था इसलिए अपनी बेटी को भी साथ लेती गई ।संध्या समय जब वह खेत से लौट रही थी तो ,उसे रामी की चाची मिली ।उसकी बात सुनकर उसके तो पैरों तले जमीन ही खिसक गई और डर से उसकी रूह अंदर तक काँप गई ।उसने अपनी बिटिया को कसकर अपनी बाहों में छुपाने का प्रयास करते हुए तेज कदमों से चलते हुए अपनी झोपड़ी के पास पहुंची और बिटिया को खिलौने देकर चारपाई पर बिठा दिया और बाहर से दरवाजा बंद करके दादी के पास जाकर अपनी पीड़ा बताई। दादी ने भी जमाने को कोसते हुए जमींदार चौधरी के बेटे की इस हरकत को, जो उसने राधा की चार साल की बेटी के साथ की थी, उसे कलयुगी रावण बता कर घटना को विस्तार से बताने लगी ।जिसे सुनकर रामू की पत्नी भय से पीली पड़ गई । हिम्मत करके वहां से उठी और अपनी बेटी के पास जाकर उसे गोद में बिठा लिया और प्यार से सिर पर हाथ फेरने लगी।मां का यह रूप देखकर मासूम बेटी की आंखें आश्चर्य मिश्रित भावो से उसे ताकने लगी तब ऐसा लग रहा था मानों वह कुछ पूछना चाहती हो। कि मां क्या बात है ?आज आप इतनी दुखी क्यों हो ?क्योंकि वह नन्ही बच्ची यह कह नहीं सकती थी ,लेकिन मां के अलग से मिलने वाले इस भय मिश्रित प्यार ने उसकी आंखों में भी प्रश्नचिह्न खडा़ कर दिया था । तब माँ ने आंखों ही आंखों में उत्तर देते हुए कहा कि कुछ नहीं बेटा आज मुझे तेरे ऊपर कुछ ज्यादा ही प्यार आ रहा है ।ऐसे सोचने के साथ ही उसने अपनी बेटी को अपनी गोद में यानि अपने आंचल में छिपाने का प्रयास करने लगी। और ऐसे ही बैठे-बैठे कब उसकी आंख लग गई पता ही नहीं चला।
भोर के साथ ही भगवान भास्कर उदयाचल में अपनी लालिमा बिखरने लगे ।जिससे पक्षियों में चहचहाट बढ़ गई थी ।आज उस चहचहाट में कुछ ज्यादा ही खुशी झलक रही थी।इसी शोर-गुल के कारण रामू की पत्नी की आँखें भी जल्दी ही खुल गई।इसलिए उसने बाहर जाकर देखा कि आज ही अंडों से निकले चूजों की चूँ-चूँ पूरे वातावरण में गूंज रही थी ।चिडिया भी ख़ुशी से फूदक हुए अपनी चोंच में लाए दानें उन्हें खिलाने का प्रयास कर रही थी।यह सुंदर दृश्य देखकर उसके मन की पीड़ा भी कुछ शांत हुई और जल्दी-जल्दी अपने काम को खत्म करने में लग गई।सहसा पेड़ पर पक्षियो की चहचहाट तेज शोरगुल में बदल गई ।डरती हुई रामू की पत्नी तेजी से बाहर की ओर लपकी। बाहर का दृश्य देख उसके शरीर के अंदर तक झनझनाहट फैल गई ,और एक ‘चीख’ पूरे वातावरण में फैल गई ,क्योंकि सुबह ही अंडों से बाहर निकले चूजे, ची-ची करते हुए वातावरण को गुंजायमान कर रहे थे । अब वह नन्हे -मुन्हें चूजें ,काले- कलूटे कौएँ के भोजन बन चुके थे और चिड़िया मां पागलों की तरह चीख-चीख कर शोर मचा रही थी। उसकी चीख से बरगद पर रहने वाले अन्य पक्षी भी बेचैन हो रहे थे। लेकिन वे उसकी कोई मदद नहीं कर पा रहे थे। वही दृश्य रामू की पत्नी को अंदर तक डरा गया। इसलिए वह बेचैनी में भरी हुई अपने घर के अंदर की ओर भागी और कोठरी का दरवाजा अंदर से जोर से बंद करते हुए अपनी बेटी को कसकर सीने से लगा लिया तथा आंसुओं की धारा उसकी आंखों से बह चली।
MS Urmila Rathore
👏👏👏👏👏
This is awesome.
Good
Nice