‘जीवन’
दिनकर ने चंचल धूप छितराई,
जिसमें नहाया था, मंजर ऊषा का,
रात भर की भागदौड़ से राहत पाकर,
गवाक्ष से झाँकती चिडि़या की बेजान सी ग्रीवा,
कर रही थी ,सुकुन की चंद साँसों को पीने का प्रयास
इन पलो में, जीवन की गहराई में खोकर लगाना था, अनुमान ,
परमात्मा की असीम सत्ता का जानना था,रहस्य,
क्या है जीवन?और क्या है उसकी हकीकत।
और क्या पाया?क्या खोया?
पर ! यह सृष्टि है, रहस्यों का जाल,
इसलिए सब है,अनजान,
कल क्या थी?आज है क्या?और कल होगा क्या?
क्योंकि जहाँ-
कल जीवन रोशन था-
चिरागों से ,
गुंजायमान था, नन्हों की चहचहाटों से,
खुशियाँ थी, जीवन की हरितिमा के तृण -तृण में,
दिन -भर की थकान पल में उतरती थी,
माँ-माँ की रट, सुन-सुन कर,
खाने की आस लगाए, नन्हों की खुली चोंच में निवाला दे-देकर।
पर हाय!एक रात के अंधकार ने बदल दी,
गतिवान जीवन की धारा।
उठा अचानक बवंण्डर ,बहा ले गया ,
जीवन की खुशियाँ,
नन्हों की चहचहाट।
बस रह गई!
खुली चोंचो से आती -जाती चींटियों की पाँतें,
और खौफनाक मंजर,
बेजान से घोंसलें पड़े थे,औधें मुँह धरा पर,
बिखरा पड़ा था,असंख्य जीवन-वैभव, वसुधा की छाती पर।
समा गई ,जीवन की अटखेलियाँ धरती माँ की गोद में,
सुंदर -सजीला तन,
कल था,अंहकार से अकडा़,
और आज है,बेजान माटी का पुतला।
यह खौफनाक मंजर ,
करता ,चरितार्थ जीवन की क्षण-भंगुरता को।
जीवन चाहे नर का हो,या पशु का ,
इसकी अंतिम पहचान यहीं,
खिला आज है,तो मुरझाना कल होगा।
इस सच्चाई से रे मानव! भागता क्यों दिन-रात है?
कर स्वीकार यह ह्रदय से,
ताकि आने वाली पीढी पा सके इस जीवन पथ को,
और हो सके रुबरु जीवन की विकट धारा से,
तो फिर उठ!
नीड़ का कर फिर निर्माण,
आने वाली सुनहरी धूप का कर स्वागत,
क्योंकि-
जीवन का फलसफा तो यहीं है,
हर गहराती रात,अँधेरा घना लाती है,डराने के लिए,
लेकिन-
उसी तह में छिपा है,उगते सूरज की सुनहरी किरणों का उजाला।
इसलिए –
उठ,कर स्वागत हृदय से उसका,
कर स्वागत हृदय से उसका।
MS Urmila Rathore
Very nice
Very beautiful..
👍 true
Very nice