उर्मिला राठौड़ ब्लॉग

उर्मिला राठौड़ के ब्लॉग में आपका स्वागत है
‘संस्कारों का महत्व’

युवा वो शक्ति है,जो पहाडो़ को हिलाकर रख दे।
युवा वो आग है,जो बर्फीले पहाड़ों को पिघलाकर रख दे।
युवा वो आँधी है,जो तुफानों के रास्ते बदलकर रख दे।
किसी कवि की लेखनी ने युवा शक्ति का जो खाका खींचा है वो एकदम सही है, लेकिन वर्तमान स्थितियों में यह एक सपने के समान कल्पना लगती है क्योंकि
आज का युवा दिशा भ्रमित सा जीवन पथ को तलाशने की कोशिश में लगा हुआ है, क्योंकि उसे सूरज की रोशनी और पाश्चात्य जीवन शैली की चकाचौंक दोनों में कोई फर्क ही महसूस नहीं हो रहा है। परंपरागत रीतिगत संस्कार उन्हें बंधनों की जकड़न दे रहें है। जिससे उनका युवा होता मन बेबस और व्याकुल रहता है। वे इस छटपटाहट से बाहर निकलने के लिए प्रयासरत भी दिखाई पड़ते हैं।इसलिए वे कभी-कभी ऐसे कार्य कर जाते हैं जिससे युवा मन अवसादों से घिर जाता है।ऐसे मे न तो उन्हें सही रास्ता मिल पाता है और न ही लक्ष्य, वे शिथिल होकर बेबसी के भँवर जाल में उलझ जाते हैं ।एक और जहां आज का युवा विस्तृत समुंद्र की गहराई और अनंत आकाश के रहस्य से पर्दा हटाने में लगा हुआ है वहीं दूसरी ओर वे संस्कारों से विमुख भी होते जा रहे हैं ।संस्कार जो मानवीय जीवन का मजबूत धरातल होता है, इसी से एक स्वच्छ समाज की संरचना संभव होती और इसी से पशु और मानव जीवन का परिवर्तन संभव हो पाता है।क्योंकि आज कहीं-कहीं युवाओ में जो विकृत मनोवृति दिखाई देती है ,उसके पीछे भी संस्कारविहिन जीवन ही उत्तरदाही दीख पड़ता है।तभी उनके द्वारा किए जाने वाले कार्य कभी समाज और राष्ट्र विरोधी होते हैं तो कभी मानवता को भी तार-तार करने वाले बन कर माता-पिता को बेबसी के भँवर जाल में धकेल देते हैं इसलिए संस्कारों की समझ बचपन से ही बच्चों में विकसित की जानी चाहिए ,ताकि वे उनके महत्व को समझ सके। क्योकि
इनकी कहीं खेती नहीं होती है, बल्कि पारिवारिक परंपरा के तहत इन्हें नियमों के द्वारा सीखा जाता है। और उन्हें जीवन में ढालना सिखाया जाता है ,ताकि आने वाले समय में जीवन एक सही दिशा में आगे बढ़ सके और भारतीय जीवन की सदियो से चली आ रही परम्परा कायम रह सके।आज का मानवीय जीवन मशीनी परिस्तिथियों से घिरा होने के कारण वैसे ही भाव शुन्यता के आवरण में कैद होता जा रहा है, जिसके कारण एक ओर जहां आज के युवा की जीवन शैली एकांकी और आधुनिकता से आच्छांदित वैज्ञानिक उपलब्धियों के इर्द गिर्द ही घूमती रहती है, वहीं ,वहां पर आपसी रिश्तो की मिठास ,बड़ों के प्रति आदर ,छोटों के प्रति प्यार, त्याग ,समर्पण जैसे संस्कार कहीं भी देखने को नहीं मिलते। तो मन व्याकुल होकर बचपन के गलियारे में तुरंत विचरने निकल पड़ता है क्योंकि बचपन जहाँ-पेड़ पर पड़े झूले हैं, पीटू की नोक से टकराते सतौलिए की मार है ,पतली लकड़ियों पर नाचती गिल्ली डंडे की कहानी है, कपड़े से बने दड़ी की मार से बचने का प्रयास करती मासूम जिंदगी की जद्दोजहद है ,और मास्टर जी की आवाज की गूंज से उत्पन्न होती झुर्झुरी का एहसास , आज भी हमें संस्कारवान बना देता है, साथ ही पारिवारिक परिवेश में ही बचपन, बड़ों के सान्निध्य में परवान चढ़ता था ।चाचा,बुआ,आदि की मजबूत थपकियाँ रुपी चाक अबोध बाल्यजीवन रुपी कच्चे घड़े को सही
आकार देने का कार्य करते थे,और घर के बड़ों का डर रुपी अलाव में वह जीवन सही रुप में पक कर तैयार होता था तथा सामाजिक जीवन में बुद्धि की परिपक्वता और मानवीय भावों की गहराई का समावेश विद्यालय परिवेश से ही संभव होता था,और उसका आधार बनती ,वो आवाज, जो अनंत आकाश के तले बने ,प्रकृति के खुले परिवेश में गुँजती रहती थी। उसी आवाज ने जीवन रूपी भवन की नींव को मजबूत बनाने में अपनी अहम भूमिका निभाई है। क्योंकि पेड़ों के नीचे लगने वाली खुली पाठशाला शिक्षा के उजाले से परिचित कराती तथा वहाँ वे गूंजती दमदार आवाजें, अबोध जीवन को नियम बंध कर
के संस्कारों में बांधने का मजबूत स्तभ हुआ करती थी। साथ ही हरदम उनके हाथ में रहने वाली छड़ी का भय विद्यालय की चारदीवारी तक ही सीमित नहीं होता था, बल्कि घर परिवार के संस्कारों और नियमों के बंधन में भी अहम भूमिका निभाता था ।एक मास्टर जी ,विद्यालय अनुशासन को तो दुरुस्त रखते ही थे, साथ ही अलड़ जवानी को अनुशासन की बेड़ियों में जकड़ने का कार्य घर -परिवार और सामाजिक स्तर पर भी करते थे। इसलिए उस समय शिक्षक का स्थान समाज में सर्वोपरि माना जाता था। इसलिए उन्हें आदरणीय और पूजनीय व्यक्तित्व के तौर पर समझा जाता था। आज भी अगर मास्टर जी की आवाज कानों में अनायास ही गूंज जाए तो, तुरंत जीवन पारिवारिक संस्कारों की ओट में समा जाता है।
क्योंकि वह आवाज मन में असीम शांति और शक्ति का अनुभव कराती है। लेकिन जीवन उनसे मुक्त कभी नहीं हो सकता क्योंकि वह संस्कारों की मजबूती नींव की गहराई लिए हुए है।
इसी स्थिति को भक्ति कालीन हिंदी साहित्य के ‘निर्गुण काव्यधारा ‘ के पुरोधा ‘कबीर दास जी ‘ने तो पूरे भक्ति काल के वातावरण में ही गुरु की श्रेष्ठता साबित करते हुए समझाया है कि -”
गुरु गोविंद दोऊ खड़े,
काके लागू पाय,
बलिहारी गुरु आपने,
गोविंद दियो बताए।
इसी प्रकार देखा जाए तो गुरु की महिमा तो वैदिक युग की फिजा में भी गूंजती रही है ,जहां एकलव्य और आरुणि जैसे आज्ञाकारी गुरु भक्त ,गुरू भक्ति की महिमा से मंडित उदाहरण के तौर पर आज के विद्यार्थियों के अंधेरे पथ को रोशनी से भरने का प्रयास करते दीख पड़ते है ।आज का युवा जो पाश्चात्य करण की रंगीन चमक- दमक में खोता जा रहा है। उसके लिए छोटे -बड़े का लिहाज कोई मायने नहीं रखता है ।ऐसी स्तिथि के विपरित गुरु भक्ति और पारिवारिक संस्कारों के परिणाम स्वरुप ही भारत माता के मुकुट के बहुमूल्य मणि के रूप के रूप में चमक बिखेरने वाले ‘विवेकानंद’ इसके सर्वश्रेष्ठ उदाहरण है । इन्होंने गुरु के द्वारा दिए गए संस्कार ,मर्यादा और परंपराओं की गहराई को स्वयं आत्मसात नहीं करा, बल्कि पूरे विश्व को इसकी खुशबू से अवगत करा दिया। हम ज्यादा दूर की बातें क्यों करें ? भारत के राष्ट्रपिता के पद पर आसीन रहने वाले ‘मोहनदास करमचंद गांधी’ को ‘महात्मा’ और ‘बापू’ की विशेषता गुरु के आशीर्वाद स्वरुप ही प्राप्त हुई है। इसलिए वर्तमान समय में परंपरागत संस्कारों से विमुख होते विद्यार्थी जीवन को अनुशासित जीवन के महत्व को फिर से समझाना होगा, जो घर की परिधि में बड़े बुजुर्ग का सान्निध्य समझा सकता है, वही बाहरी परिवेश के सिद्धांत विद्यालय नियमों से ही मजबूत होकर समर्थ व्यक्तित्व का निर्माण कर सकते हैं। इसलिए इन सब का मिलाजुला रूप ही युवाओं के सपने में सुनहरी चमक भरकर उन्हें आशावान बना सकते हैं ।ताकि हमारी जड़ें और गहराई ले सके और अनंत काल तक एक सुंदर पौधा वटवृक्ष के आकार में ढल सके। जिसे- कोई भी परिस्थितियां और हालात हिला नहीं पाएँ।

MS Urmila Rathore🙏

1190cookie-check‘संस्कारों का महत्व’

1 thought on “‘संस्कारों का महत्व’”

Leave comment

Your email address will not be published. Required fields are marked with *.