‘न्याय’
एक समय की बात है ।देव लोक में चित्रगुप्त और यमराज आत्माओं के पृथ्वी लोक पर लाने और भेजने के विषय पर चर्चा करते हुए उनके भविष्य का लेखा-जोखा लिख रहे थे।तभी वहां पर जोर-जोर से आवाजें आने लगी, जिससे इन दोनों के कार्य में भी बाधा होने लगी ,इससे व्यथित होकर चित्रगुप्त जी ने अपने दूत को बाहर होने वाले शोर का पता लगाने के लिए भेजा। दूत बाहर से पता करके लौटा और चुपचाप खड़ा हो गया तब चित्रगुप्तजी ने कहा-“क्या हुआ? तुम ऐसे क्यों खड़े हो ?”उसने बताया “क्षमा करें देव। वह जीव बहुत जिद्दी है और अपनी बात आपको ही बताना चाहता है। इसलिए चिल्ला -चिल्ला कर वह अपनी बात बाहर प्रकट करके आपके पास आना चाहता है।”चित्रगुप्त ने कहा “जाओ उसे अपने साथ लेकर आओ।”देवदूत गया और अपने साथ उस जीव को लेकर अंदर आया और दोनों ने चित्रगुप्त जी को प्रणाम किया और वहीं खड़े हो गये , लेकिन वह जीव अब भी लगातार कुछ न कुछ बोले जा रहा था। तब उन्होंने उसे घूरते हुए अपने पास बुलाया और पूछा -“बोलो जीव तुम्हारी क्या समस्या है? जो तुम इतनी देर से बाहर चिल्हा रहे थे।”जीव ने पहले उन्हें प्रणाम किया और डरते हुए उनके पास पहुंचा तथा उनके पांवों में पड़ते हुए कहने लगा-“भगवान मुझ पर दया करो मैं इस बार उसी योनि में नहीं जाना चाहता जिसमें आप मुझे भेजना चाहते हो, देव।” चित्रगुप्त को एकदम से आश्चर्य हुआ और उन्होंने पूछा-“ऐसा क्यों ।” क्योंकि यह तो सर्वविदित हैं कि मनुष्य योनि में जाने वाले सामान्यतः सातों जन्म तक एक ही संबंधों में बंधे रहते हैं । हाँ, उनके संबंधों के रुप जरुर बदलते रहते हैं।और उनके मध्य बनने वाली संबंधों की गहराई ,उनके कर्मों के हिसाब से रहती है। और वह डोरी पति -पत्नी के रूप में हैं,तो वह एक दूसरे के व्रत – त्योहारों के माध्यम से मजबूत होती रहती है और इसी से एक आत्मा की गहराई का जो संबंध बनता है ,वह उन्हें दूसरे की आत्मा से बांधे रखता है। इसलिए वह चाहे कहीं पर भी पैदा हो, पर किसी न किसी रूप में वह उस व्यक्ति से मिल ही जाते हैं, इसलिए प्राणी द्वारा किए जाने वाले व्रतो के फलस्वरूप जन्म-जन्मांतरण का संबंध युगों-युगो तक साथ चलते हुए एक अटूट बंधन में बंधा रहता है।”यहां इस जीव से ऐसी बातें सुनकर चित्रगुप्त जी को आश्चर्य हुआ और वह उसका कारण जानने का प्रयास करते हुए जीव को समझाते हैं। तब उसने बताया कि “भगवान मेरे साथ जोर जबरदस्ती की तो मैं कुछ भी कर जाऊँगा ,मैं नरक के द्वार पर जो खौलते हुए तेल की कड़ाई रखी हैं ना,मैं उस में कुद जाऊँगा, लेकिन मैं वहाँ नहीं जाऊँगा। ” स्थिति की गरमा -गरमी बढ़ते देख चित्रगुप्त जी ने अपने दूत को बाहर भेजा तथा उस जीव को अपने पास बुलाया और उसका कारण जानने का प्रयास करते हुए पूछने लगे कि”बताओ क्या बात है ?तुम ऐसा क्यों कह रहे हो ?जीव ने बताना शुरू किया कि – आप मुझे हर बार मनुष्य योनि में स्त्री ही बना कर पृथ्वी लोक पर भेजते हो, यह तो आपको पता ही होगा, लेकिन पृथ्वी लोक पर स्त्रियों के साथ कैसा व्यवहार होता है,क्या आपको पता है? उन्हें एक इंसान नहीं ,खिलौना रूपी वस्तु के रूप में देखा जाता है ।जब जिसका मन करता है, उससे खेलता हैं ।और जब मन भर जाता है, तो उसे उठाकर बाहर फेंक दिया जाता है। अगर कभी कबार उसने किसी प्रकार की जिद कर ली ,तो उसे तोड़ -मोड देने की कोशिश भी की जाती है। वहाँ पर चाहे छोटी बच्ची हो या जवान औरत उसकी स्वत्रंत कोई पहचान नहीं है।वह मात्र भोग की वस्तु है ।वह अकेले कहीं आ-जा नहीं सकती क्यों कि सभ्य समाज में छिपे भेडि़ये उसे नोचने को हर समय तैयार रहते है ।और तो और वह नन्हीं सी मासूम जान जिसने अपनी पूरी आँखे खोल इस संसार को अच्छे से देखा भी नहीं कि अपनो के वेश में ही छिपे दरिंदे उसे छलनी -छलनी कर मानवता का नगा नाच दिखाने लगते हैं।”जीव कुछ आगे बोलने वाला था कि चित्रगुप्त जी बीच में ही बोल पडे़ “अब तू बस करेगा।”इसी के साथ उनकी आँखों मे आँसुओ की कुछ बूँदे चमकने लगी तथा यह सुनने के बाद चित्रगुप्त जी सोच में पड़ गए तथा जीवन और आत्मा के संबंधों की हकीकत ने उन्हें गहरी चिंता में डूबो दिया।MS Urmila Rathore