उर्मिला राठौड़ ब्लॉग

उर्मिला राठौड़ के ब्लॉग में आपका स्वागत है
*एक पंछी की उत्सुकता*

सुबह की साफ -स्वच्छ और निर्मल हवाओ के दौर ने बीती सदी की याद दिला दी, जहाँ जिंदगी धुआँ-धुआँ नहीं थी बल्कि शांत उज्ज्वल परिवेश जिंदादिल जिंदगी की आधारशीला हुआ करता था। निर्मल जल युक्त कल-कल बहती नदियाँ मानवीय जीवन को गतिशीलता प्रदान करते हुए उनके जीवन में अहम महत्व रखती थी। हरियाली से आछाँदित परिवेश मानवीय जीवन की आंतरिक मजबूती का कारण हुआ करता था और ऐसे सुंदर परिवेश में आसमान पर पंछियों का राज हुआ करता था जहाँ वह तनती साँसो के साथ क्षितिज को पाने के लिए अपनो से होड़ लगाया करते थे। तो जंगल वन्यजीवन की सम्पदा ,जहाँ वे सहज विचरन करते हुए जीवन क्रियाओ का संचालन किया करते थे।वहीं निश्छलता का प्रतीक मानव छल कपट से दूर दिलों की गहराई से बंधा होता था।ऐसी सुंदर स्थिति में पारिवारिक रिस्ते बोझ नहीं थे बल्कि अपनत्व के साथ उन्हें जिम्मेदारी समझी जाती, और बडो़ के प्रति छोटों में सम्मान के साथ आदर भाव रखा जाता था।ऐसे परिवेश में बचपन अपनों के साथ खुलकर बालक्रिडाएँ करते हुए भावी जीवन की गहराई कब पा जाता उन्हें स्वयं को भी समझ नहीं आता था।
लेकिन वर्तमान मानवीय जीवन में मशीनी प्रक्रिया के बढते प्रभाव के कारण आकाश की विशालता ,नदियों की निर्मलता तथा प्रकृति का हरितिमा युक्त वातावरण और संबंधों की गहराई नष्ट सी होने लगी है ।साथ ही यांत्रिकता की चकाचौंध में उलझा मानव अपने आपको सर्वश्रेष्ठ समझने लग गया है जिसके कारण वह परमात्मा की असीम सत्ता से भी खिलवाड़ करने लग गया है साथ ही उसकी इस सोच ने उसे और भी अंहकारी बना दिया है क्योंकि इससे उसमे स्व की भावना प्रबल होने लग गई है जिसके कारण नाते -रिश्तो के संबंध स्वार्थ और लालच का रुप ग्रहण करने लगे हैं ।बड़े -बुजर्गों को बोझ स्वरुप माना जाने लगा है। लेकिन कहते हैं ना समय एक जैसा नहीं रहता और वहीं सबको सही रास्ता भी दिखा देता है क्योंकि यह सृष्टि रुपी जो बगिया है ना ,यह अनाथ नहीं है ,इसका भी एक माली है और वह है असीम सत्ताधारी ‘परमेश्वर’। और परमेश्वर अपनी सृष्टि से अनजान नहीं रहता हैं ।वह तो शांत निर्मल भावों से इसे लगातार देखता रहता हैं और मानवीय हरकतो का भी वह निरंतर अवलोकन करता रहता हैं।उसे अनेक स्थितियो पर सावचेत होने का संकेत भी करता हैं लेकिन वैभवशीलता के मद में डूबा मानव हर संकेत को अनदेखा कर स्वयं को शाश्वत मान उसी में लिप्त रहता है।
इसी कारण वर्तमान स्थिति मानव की उस सोच का ही परिणाम है कि आज हम साफ-स्वच्छ हवा को पाने के लिए नीले नभ तले खुले में भी नहीं जा सकते हैं। बगीचों में गूंजने वाली किलकारियां भी कहीं खो गई है, तीज-त्योहारो की रौनक लुप्त प्राय हो गई है, शादी – विवाहों का हो -हल्ला खो गया है, बाजारो की चिलम- पो शांत हो गई है, और शिक्षा के मंदिरो में छाई खामोशी अपने नन्हें- मुन्ना का रास्ता ताक रही है|यह स्थिति आज की नहीं है बल्कि पिछले दो सालों से हम बेबसी की जिंदगी जीने को मजबूर हो रहे हैं। वर्तमान जीवन हमारे लिए कठिन होता जा रहा है।कभी धन के नशे में चूर रहने वाला मानव ऑक्सीजन के भंडार इन हरे- भरे पेडों की बलि बिना सोचे समझे ही दे देता था , लेकिन आज जब स्वयं की साँसे अटकी तो उसे,उसका महत्व समझ में आया है ।क्योंकिआज वैश्विक बीमारी कोरोना जो मानव की स्वार्थी प्रवृतियों की ही देन है ,उसने जब उनकी साँसों की डोर कमजोर की तो वह घबरा गया और उसे मजबूत रखने के लिए वह इधर-उधर भागने लगा ,लेकिन ऑक्सीजन की जरुरत वह धन के गुरुर से भी पूरी नहीं कर पा रहा है,साथ ही अपनों की टूटती डोर को सम्भालने के लिए वह अपनी जेबों मेंं हरी पत्तियों के प्रभाव को ढूंस-ढूंस के भरा होने के बाद भी उनको नहीं बचा पा रहा हैं। तो वह बहुत ही बेबस और लाचार हो गया है।
उसको यह स्थिति एक सजा के तौर पर उस सृष्टि के कर्ता से मिली है ,क्योंकि परमपिता परमेश्वर का पलटवार बिना आवाज के होता है और सही जगह चोट भी करता है और जब वह चोट करता है तो उसका फिर तोड़ भी किसी के पास नहीं है। इसलिए आज की स्थिति में मानव बेबस और मजबूर सा घरो की चार दीवारी में बंद पंछियो से भी ईर्ष्या करने से अपने आप को रोक नहीं पा रहा है । क्योंकि वर्तमान स्थिति जिन पर सदियों से पक्षियों का ही राज़ हुआ करता था,आज उन्हें वापिस मिल चुकी है,इसलिए नीले गगन में उनकी अठखेलियाँ भी बढ गई है ।प्राकृतिक प्रदूषण भी कम हो गया है। परिवेश में शांति न अपना डेरा डाल दिया है। लेकिन ऐसा शांत परिवेश देखकर हमारा सीधा-सादा पशु और पक्षी जगत भी हैरान हो रहा है इसलिए तो हमें टटोलने के लिए वह बार -बार हमारे घरों के छज्जों की ओर झाँकने चला आता है,कि “उस सर्वशक्तिशाली मानव को अब क्या हो गया है?वह क्यों नहीं अपने घरो से बाहर निकल रहा है?वह अब कहाँ चला गया है?” इसलिए वह फर-फर करते हुए उस अंहकारी घमंडी इंसान को यहाँ-वहाँ तलासने की कोशिश कर रहा है, कि वह कहाँ छिप गया है?जिसने पंछियों से उनका आसमान और रहवासी बसेरा पेड़ दोनों को छिन लिया था तो जंगलों पर अतिक्रमण कर पशुओ को वहाँ से बाहर निकलने के लिए मजबूर कर दिया था | हर जगह वह स्वयं के अधिकार में कर चुका था। चाहे जंगल हो ,पेड़ हो या फिर आसमान या जल । आपने अंहकारी व्यक्तित्व के कारण इन सबको स्वयं से ही जोड़ता जा रहा था ।पर………………………………………..
आज कहाँ है वह ? उसका सारा अंहकार कहाँ गया? वह किस पर इतना अकड़ रहा था ?उसे इतना गुरुर किससे था?
इन सभी प्रश्नों के उत्तर उसके पास नहीं है।क्योंकि उसने जीवन की गहराई समझी ही नहीं ।वह तो इस मिट्टी से बनी देह को ही शाश्वत मान स्वयं को शक्तिशाली समझने का झूठा भ्रम पाले बैठा था ।इसलिए तो आज की स्थिति उसके इस झूठे अभिमान को तोड़ने और जीवन की सच्चाई को समझने का सबक मात्र हो सकती है।साथ ही मानव अपने मन में भरे तमाम द्वेष,ईर्ष्याऔर स्वार्थ के भावों की तिलांजलि देकर अंतरात्मा में विराजमान परमात्मा के स्वरुप को समझने का प्रयास कर सकता है क्योंकि मानव देह के बारे में कहा गया है कि :-

*रे मन,! तन कागद का पुतला ,
फिर क्यों कर रहा है ,झूठा अंहकार, स्वार्थ लोलुपता।*

मानव की सांसारिक भौतिकता के पीछे भागने की जो प्रवृति है ,वह स्वयं को दिया जाने वाला धोखा है। क्योंकि मानव देह खाली सांसारिक भोग-विलास के लिए नहीं मिली है ,यह तो करोडों योनियों के कष्टो को भोगने के बाद बडी़ ही साधना से मिलती है।इस देह को प्राप्त करने के लिए देव भी प्रयासरत् रहते है क्योंकि इससे भगवत भजन का रास्ता आसानी से मिल जाता है ।साथ ही मानव देह परमेश्वर के किसी ने किसी उद्देश्य पूर्ति से भी जुडी़ होती है इसलिए हमें इस जीवन को संसार की निर्रथकता में नहीं खोना चाहिए बल्कि इसके महत्व को समझने के लिए सच्चे कर्मों को साधना चाहिए, क्योंकि सांसारिकता की अंधी चका-चौंध में खोये प्राणी के लिए ही शायद किसी शायर ने कितना सहीं कहा है कि:-

*कितना कमाओगे मेरे यार
कफ़न के कभी जेब नहीं होती।*

यह चंद पंक्तियाँ कितना कुछ समझाती है।पर मानव किस मिट्टी का बना होता है कि देख कर भी अनजान बन जाता है। नहीं तो वह जब किसी ज़नाजे के पीछे चलता है तो, चलते हुए जीवन की वैभवशीलता के किस्से नहीं गढ़ता बल्कि जीवन की नश्वरता को समझने का प्रयास करता| क्योंकि कहा गया है कि:-‘हर मौत जीवन को आयना दिखाती है तो मानव को नया रास्ता समझाती है।’
लेकिन इंसान जान बुझकर अनजान बने रहने का ढोंग करता है तो उसी का परिणाम करोनों जैसी वायरस जनित बीमारियाँ उसे समय-समय पर सावधान करने के लिए उसका रास्ता अवरोध करती रहगी और उसे जीवन की गहराई और क्षणभंगुरता दोनों एक साथ समझाती रहेंगी ।यह इंसान पर निर्भर करता है कि वह इसे किस रुप में लेना चाहेगा।सजा के तौर पर या सबक के तौर पर ।

MS Urmila Rathore🙏🙏

3390cookie-check*एक पंछी की उत्सुकता*

1 thought on “*एक पंछी की उत्सुकता*”

Leave comment

Your email address will not be published. Required fields are marked with *.