गीता महात्म्य
जयशंकर प्रसाद की सर्वश्रेष्ठ कृति ‘कामायनी’ मन्नवंतरण की स्थिति को स्पष्ट करते हुए प्राकृतिक प्रलय से उत्पन्न सम्पूर्ण मानवीय जीवन के संघर्ष का सजीव चित्रण है|इसमें ‘मनु-स्मृति’ का आधार गढकर समझाया गया है कि मानवीय जीवन में की जाने वाली भूलो के कारण सम्पूर्ण सृष्टि नष्ट होने के कगार पर पहूंच जाती है|महात्मा मनु विवेक और बुद्धि की चिंंतनशीलता के आधार पर ही इस सृष्टि का पुन:निर्माण कर सकने में सफल हो पाते हैं| कुछ ऐसी ही स्थिति वर्तमान समय में अखिल विश्व में उत्पन्न हो गई है, जहां स्वार्थी भावों से परिपूर्ण वैश्विक सोच से उत्पन्न बीमारी एक महामारी की शक्ल इख्तियार कर धीरे -धीरे मानवीय सभ्यता को लीलती जा रही है |विश्व पटल पर मानव घरों की चार दीवारी में सिमट कर रह गया है|घरो के घर उजड़ रह है |जाते हुए अपने परिजनों और छोटों को अपनों का कंधा तक नसीब नहीं हो रहा है|अंहकार का पुतला मानव पी पी टी किट में कैद होकर जीवन की अंतिम यात्रा की ओर धकेला जा रहा है जहाँ धर्म के नाम पर होने वाले सारे कर्मकांड मिथ्या साबित हो रहे हैं|इस कारण आज पूरे विश्व में आपा-धापी मची हुई है साथ ही एकांकीपन से उत्पन्न डर और अनिश्चितता के कारण लोगों में नकारात्मक सोच हावी हो रही है|जिससे अवसाद की गहराइयों में वे खोने लगे हैं| वहीं इंसानियत और मानवता के ढोंग का मुखौटाधारी मानव स्वार्थ साधने से बाज नहीं आ रहा है|लाशों पर तांडव करने वाले गीद्ध, इंसानी शक्लों में यहां-वहां दीख पड़ते है |
ऐसी विकट स्थिति में भी मानव स्वयं को पहचानने की बजाय इच्छाओ के मायाजाल में उलझता जा रहा है|स्पृहा की छटपटाहट में उसके सोचने समझने की शक्ति भी क्षीण होती जा रही है|मानव अपने शुद्ध आचरण को भूलता जा रहा है जिसके कारण वह अनैतिकता की खाई में गिरता जा रहा है|मानव की इसी सोच के कारण ही 16 दिसम्बर 2016 को दिल्ली में घटी ‘निर्भया-कांड’जैसी घटनाएं भी आये दिन समाचार पत्रों की सुर्खियां बनती जा रही हैं|यह स्थिति केवल एक जगह, एक देश की नहीं है बल्कि यह एक वैश्विक समस्या के रुप में उभर कर सामने आ रही है ,साथ ही सोच की अशुद्धता और स्वार्थी प्रवृति के कारण मानव ने जो प्रकृति के साथ छेडछाड़ किया है, उसी का परिणाम ‘कोरोना’ नामक वायरस के रुप में दिख रहा है जिससे मानवीय जीवन में हा-हाकार मचा हुआ है|
ऐसे उधल-पुथल भरे समय में मानवीय जीवन को फिर से समझने की जरुरत है और इसका सबसे अच्छा माध्यम भगवान श्री कृष्ण के द्वारा दिया गया ‘भगवत् गीता’ का ज्ञान है | हमें उसके मर्म को एक बार फिर से जानना होगा|उसके माध्यम से ही बदलते हुए परिवेश में मानव को शुद्ध आचरण के साथ -साथ जीवन की महत्तता समझ में आ सकती है क्योंकि आज से हजारो साल पहले ‘महाभारत’ के युद्ध में जब अर्जुन अपने ही भाइयों के विरुद्ध लड़ने के विचार से कांपने लगा, तब भगवान श्री कृष्ण ने अर्जुन को जो उपदेश दिया वह ‘गीता ज्ञान’कहलाता है|कृष्ण ने अर्जून को बताया कि “यह संसार एक बहुत बडी़ युद्ध स्थली है, जिसमें सब कोई किसी न किसी रुप में अपनों से ही लड़ते रहते हैं क्योंकि असली कुरुक्षेत्र तो व्यक्ति के अंदर है|अज्ञानता या अविद्या रुपी धृतराष्ट्र हर युग में पैदा होते रहते हैं,हर एक आत्मा अर्जुन के रुप में है और व्यक्ति की अंतरात्मा में ही श्रीकृष्ण का निवास है,जो इस रथ रुपी शरीर के सारथी हैं।इंद्रियाँ इस रथ के घोड़े हैं ।अंहकार ,लोभ ,द्वेष ही मनुष्य के शत्रु हैं।”
वर्तमान समय में मनुष्य इन्हीं अंहकार, द्वेष और लोभ जैसे घोडों पर सवार होकर आगे बढ़ता जा रहा है और अपनी आत्मा में विराजमान श्रीकृष्ण की छवि को पहचानने से इंकार करते हुए उसे धुमिल करता जा रहा है अर्थात खुद की अंतरात्मा को पहचाना नहीं चाहता है।ऐसी विकट स्थिति में हमें जीवन के इन शत्रुओं से लड़ना सिखाते हुए आत्मा और ईश्वर का गहरा नाता जोड़ने में’गीता ज्ञान ‘ मदद कर सकता है क्योंकि गीता के माध्यम से अर्जुन को दिया गया यह संदेश वास्तव में प्रत्येक व्यक्ति के लिए है।कृष्ण ने कहा है कि”जीवन एक संघर्ष है,यह युद्ध है,चुनौती है और परीक्षा स्थली है। इसलिए जीवन में आने वाली इन बाधाओ से युद्ध करना अनिवार्य है।इनसे भागना कायरता है।”अत:व्यक्ति को स्थिर होकर धैर्य के साथ जीवन की चुनौतियों का डटकर सामना करने की सीख ‘गीता’जैसे नैतिक ग्रंथ से ही प्राप्त हो सकती है।
इस कलयुग में सामान्य जनता को यह भ्रांति है कि भौतिक सुविधाओं की प्रगति से हर व्यक्ति सुखी बन सकेगा। इसलिए व्यक्ति में भौतिकवाद या बहिरंगा प्रवृति अत्यंत प्रबल होती जा रही है, जिसके कारण वह सांसारिक भोग- विलास में ही डूबा रहना चाहता है| इसी में उसे असीम आंनद की अनुभूति महसूस होती है| इसी कारण वह काल्पनिक स्वप्न लोग में विचरण करते हुए जीवन की हकीकत से दूर भागता रहता है,क्योंकि हर प्राणी प्रकति के कठोर नियमों द्वारा बुरी तरह से जकडा़ हुआ है, वहां पर उसे घूटन अनुभव होती है क्योंकि उसे इसका ज्ञान नहीं है कि जीव भगवान का ही अंश -रुप है और न ही वह इसको जानना चाहता है| इसलिए उसके मन का भटकाव उसके अंदर द्वंद्व की स्थिति उत्पन्न कर देता है और वह उसी में उलझा रहता है जबकि उसका सहज कार्य यह है कि वह भगवान की आराधना करे और अपने दैनिक जीवन में भागवत का अनुशरण करे ।,जिससे वह इस भौतिक वादी सांसारिकता की चमक -दमक से अपने को दूर रखकर जीवन की हकीकत को जान सकता है,क्योंकि मोह वश मनुष्य भिन्न-भिन्न प्रकारों से अपनी इंद्रिय तृप्त करके स्वयं को सुखी बनाने की प्रक्रिया में ही जीवन पर्यंत लगा रहता है, लेकिन इससे उसे क्षणिक सुख मिलता है, अंतरात्मा की संतुष्टि नहीं मिल पाती है|ऐसी स्थिति में ‘भगवत-गीता’ ही एक ऐसा साधन मात्र है, जिससे वह इन मोह बंधनों से छुटकारा पाकर मनुष्य जीवन की हकीकत से रुबरु हो सकता है|क्योंकि श्रीकृष्ण ने कहा है कि—
*अनित्यमसुखं लोकमिमं प्राप्य भजस्व माम|*
श्रीकृष्ण के अनुसार ‘मनुष्य जन्म अनन्त जन्मों का अंत करने वाला होने से अन्तिम जन्म है|इस जन्म में मनुष्य भगवान की शरण में जाने के लिए सुखरहित, क्षणभंगुर किन्तु दुर्लभ मानव तन को पाकर मेरा भजन करे|अर्थात् सांसारिक विषय – वासना से परे होकर इस क्षणभंगुर देह से जुड़े सुखों का त्याग करके आत्मा को परमात्मा प्राप्ति में लगा देना चाहिए क्योंकि भजन का अधिकार तो केवल शरीर धारी मनुष्य को ही है|
इस संसार का यह नियम है कि यहाँ बिना किसी कारण के कुछ घटित नहीं होता, हर घटना ,कार्य या व्यवहार किसी न किसी कारण से प्रेरित होता है और यह सब होता है लोभ के कारण क्योंकि ‘पाप का जन्मदाता लोभ’ ही होता है, और इस लोभ के कारण ही इच्छा बलवंत होकर लालसा में बदल जाती है|तभी पाप का उदय होता है, और जहाँ पाप का प्राबल्य होता है, वहाँ सच्चाई का कहीं नामोनिशान नहीं होता है|ऐसे में इतनी विभीषिकाएं जन्म लेती है जो मानव जीवन के सुखमय वातावरण को नरक में बदल देती है| इसी लिए गीता में श्री कृष्ण ने कहा है कि:-
*यद्यप्येते न पश्यन्ति लोभोपहतचेतस: |
कुलक्षयकृतं दोष मित्रद्रोहे च पातकम||*
अर्थात् ‘लोभ से भ्रष्ट चित्त हुए ये लोग कुल नाश के दोष और मित्र द्रोह के पाप को नहीं देखते हैं, यह उनकी कमी है|’ क्योंकि लोभ व्यक्ति की बुद्धि को भ्रमित कर उसके सोचने समझने की समता समाप्त कर देता है इसलिए ऐसे व्यक्ति के लिए अपने कुल की परम्परा और मित्रता के भावों की गहराई कोई महत्व नहीं रखती है|
आज हमारे समाज से साहित्य, संस्कृति और सनातन संस्कार कहीं कट से गये हैं इसलिए यहाँ यह भयावह स्थिति उत्पन्न हो गई है, वरना जिस देश के साहित्य और संस्कार में ‘गीता’ एवं ‘श्रीराम चरित्र मानस’जैसे ग्रंथ हो, उस देश में विपन्नता, वैमनस्य और विचार शून्यता की स्थिति पैदा हो जाए, यह दुर्भाग्य ही कहा जायेगा इस स्थिति की निकटता को दूर करने के लिए एक उत्तम साधन है ‘गीता’, जिसका अधिक से अधिक चिंतन -मनन करने के लिए प्रयत्नपूर्वक युवा पीढ़ी को प्रेरित किया जा सकता है और इस धारणा को समाप्त किया जा सकता है कि गीता केवल बूढो़ के अध्ययन का ग्रंथ नहीं है बल्कि यह एक ऐसा आध्यात्मिक ग्रंथ है, जिसका महत्व व्यावहारिक और व्यावसायिक दृष्टि से महान है|सच तो यह है कि गीता एक ऐसा दिव्य ग्रंथ है, जिसमें मानव जीवन का समग्रता से चिन्तन और मनन किया गया है और जीवन की सभी समस्याओं का निदान और समाधान दिया गया है,इसीलिए तो जीवन की माया रुपी जटिलताओं को समझाते हुए श्री कृष्ण ने कहा है कि :-
*यह त्रिर्गुणमयी माया मेरी अद्भुत महा बलवान है,
होता है, इससे पार भजता जो मुझे मतिमान है||
अर्थात् श्री कृष्ण ने कहा है कि यह तीन गुणों वाली मेरी माया बडी़ बलवान है|शारीरिक बल पर भी इस माया रुपी तीन गुणों की छाप है|धन का बल इसमें अधिक होता है और राजा तथा शहंशाह भी इन तीन गुणों के मोहताज है|यह माया अद्भुत और आश्चर्यजनक है|हर एक प्राणी इसे समझ नहीं पाता है|इन तीन गुणों में से एक है-सत्तो गुण, तमोगुण और रजोगुण|इन्हीं गुणों के द्वारा गुंथे हुए मोह रुपी जाल में हर कोई फंसा हुआ है, इसलिए इन्हीं तीनों में आपस में संघर्ष चलता रहता है|अब सवाल यह उठता है कि यह संघर्ष होता कहाँ है? तो उत्तर होगा कि वह स्थान है गीता का धर्मक्षेत्र और कुरुक्षेत्र |यह कोई भारत का भू- खण्ड नहीं है बल्कि यह तो सम्पूर्ण सृष्टि है जिसमें गीता ज्ञान समाया हुआ है बस उसे समझने की जरुरत है इसलिए तो भगवान श्री कृष्ण ने कहा है कि:-
*इदं शरीरं कौन्तेय क्षेत्रमित्यभिधीयते*
अर्थात् यह शरीर ही एक क्षेत्र है, जिसमें बोया हुआ भला -बुरा बीज संस्कार -रुप से सदैव उगता है|दस इंद्रियाँ, मन, बुद्धि, चित्त, अहंकार, पांचों विकारों और तीन गुणों का विकार ही इस क्षेत्र का विस्तार है|प्रकृति से उत्पन्न
इन तीनों गुणों से विवश होकर मनुष्य को कर्म करना पड़ता है और वह क्षणभर भी बिना इन कर्मों के नहीं रह सकता है|
वर्तमान में जो शिक्षा का रुप है, वह भौतिकता और विलासिता का रुप लिए हुए है, जिसके कारण बच्चा धर्म और संस्कृति को जान नहीं सकता है|वह ब्रह्म के स्वरुप को क्या पहचानेगा? इसके कारण समय से पूर्व ही अपने रास्ते की बाधाओ से घबरा जाता है और कुंठित होकर आत्महत्या जैसे पाप भी कर जाता है|उनकी उस मनोवृत्ति से उन्हें निकालने का एक मात्र रास्ता गीता के ज्ञान को ग्रहण करना और अपने जीवन में उतारना है|
अगर व्यक्ति ने स्वयं को नहीं जाना तो क्या हुआ कि, उसे इस संसार के सारे प्रसाद मिल गये, इससे उसका कोई फायदा नहीं होने वाला ,इसी प्रकार जिसने अपने आपको खोकर, सब कुछ जान लेने की कला तो जान ली लेकिन , अपने अंदर बैठे परमेश्वर के स्वरुप को नहीं पहचाना तो उसका जीवन इस संसार में एक मुखौटाधारी व्यक्तित्व के रुप में निर्मित हो जायेगा और ऐसे ढोंग – दिखावे से दुनिया भरी पडी़ है,इसलिए इन सब बुराइयो को दूर करने का साधन मात्र ‘गीता ज्ञान’ है जो हमें जीवन जीने के तरीके बताती है, जीवन के शत्रुओ से लड़ना सिखाती है, और ईश्वर और आत्मा से गहरा नाता जोड़ने में भी हमारी मदद करती है|गीता त्याग, प्रेम और कर्तव्य का संदेश देती है|इसमें कर्म को महत्व दिया गया है|अंहकार, ईर्ष्या, लोभ को त्याग कर मानवता को अपनाना ही गीता के उपदेशों का पालन करना है|
गीता सिर्फ एक पुस्तक नहीं है, यह तो जीवन-मृत्यु के दुर्लभ सत्य को अपने में समेटे हुए है|कृष्ण ने एक सच्चे मित्र और गुरु की तरह अर्जुन का न सिर्फ मार्गदर्शन किया बल्कि गीता का महान उपदेश भी दिया है|जिसका अनुसरण करके जीवन की हकीकत को जानने का अवसर मिलता है|जिसने गीता के सार को अपने जीवन में अपना लिया उसे ईश्वर की कृपा पाने के लिए इधर- उधर भटकना नहीं पड़ता ,और वैश्विक स्तर पर जो समस्याओं का पिटारा खुला पडा है, उसे बंद करने में गीता से अचुक कोई साधन नहीं है क्योंकि गीता निरन्तर हमें झंकृत तथा प्रेरित करती रहेती है और पूरी निष्ठा से अपने कर्तव्य पद पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती रहती है, क्योंकि गीता के समान न कोई शास्त्र हुआ है और न ही होगा, एकमात्र गीता ही है जो सदा हम सब के पापों को हरने वाली और मोक्ष प्रदान करने वाली है |इसीलिए तो भगवान श्री कृष्ण ने कहा है कि:-
*गीतायास्तु समं शास्त्र न भूतं न भविष्यति,
सर्व पाप हरा नित्यं गीतैका मोक्षदायिनी||*
MS Urmila Rathore🙏🙏
🙏🙏