उर्मिला राठौड़ ब्लॉग

उर्मिला राठौड़ के ब्लॉग में आपका स्वागत है
पुनर्विवाह

मीठापुर रेतीले धोरों पर बसा एक छोटा सा गाँव था।यहाँ पर घर दूर-दूर जरूर बने थे पर लोगों के दिलो में दुरियाँ नहीं थी इसलिए यहाँ कोई भी कार्य हो या किसी के घर कोई उत्सव ,सभी सामुहिक रुप से ही सम्मिलित होकर काम करते थे। आधुनिकता की छाप भी हर घर में देखने को मिल ही जाती थी ।शिक्षा का उजाला भी वहाँ फैला हुआ था इसीलिए वहाँ हर घर से बच्चे सुबह के समय पीठ पर बस्ता टाँगे सूरज की किरणों के साथ ही निकल पड़ते ,क्योंकि वहाँ कोई विद्यायल नहीं था इसलिए बच्चों को विद्याध्ययन के लिए पास के गाँव जाना पड़ता था। उस गाँव में लड़के -लड़कियों में भी कोई भेद नही था ,इस कारण दोनों को शिक्षा का समान अवसर मिला हुआ था।देश सेवा में भी यहाँ के अनेक वीरों ने अपने प्राण न्योछावर कर दिए थे जिनकी याद में पंचायत द्वारा गाँव के बीच में स्थित बगीचे में एक शहीद स्मारक बनाकर उसमें सभी शूरवीरों की मूर्तियाँ लगा दी थी।यहाँ समय -समय पर इन वीरों की याद में अनेक मेलों का आयोजन भी किया जाता था।। पिछले कुछ महिनों से गांव में जोरों- शोरों से तैयारियां चल रही थी ।क्योंकि राजू सिंह की बेटी की शादी जो थी। उनके एक ही बेटी थी और वह अपनी बेटी के विवाह में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते थे इसलिए तैयारियाँ जोरो- शोरो से चल रही थी।हर घर इस तैयारी में लगा हुआ था।कोई दुल्हन के कपड़े सिलने का कार्य कर रहा था तो कहीं पर धान सफाई और पिसाई की जा रही थी। राजू सिंह के घर पर रंग-रोगंन का कार्य हो रहा था।इसी प्रकार की कई तैयारियां पूरे गांव में चल रही थी।राजू सिंह के घर में नाच- गाना और पापड़ मंगोडी़ आदि बनाने का काम भी हो रहा था तथा विभिन्न रीति-रिवाजों से जुड़े कार्यक्रम भी पिछले पंद्रह दिनों से लगातार हो रहे थे। साथ ही उनकी बेटी नंदिनी का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा था। उसके खाने-पीने से लेकर उबटनआदि की तैयारियां भी साथ में चल रही थी। नंदिनी वैसे बहुत सुंदर थी। गोरा- चिट्ठा रंग , लंबा कद तथा वह पढी़ लिखी बहुत समझदार थी । परम्परागत रीति -रिवाजो के चलते नंदिनी का घर से बाहर निकलना बिल्कुल बंद हो गया था इसलिए उसकी सखियां उसे मिलने घर पर ही आ जाया करती थी। रिश्तेदार भी वहाँ काफी इकट्ठे हो गए थे,जिससे चहल-पहल बढ़ गई थी। कुल मिलाकर पहली शादी पर घर का माहौल बहुत अच्छा बन पड़ा था । पड़ोसी भी अच्छे थे ।सब मिलकर काम कर रहे थे । शादी वाले दिन घर के साथ पूरे गांव में चहल-पहल बढ़ गई थी। क्योंकि बराती थोड़े ज्यादा थे और उन्हें गांव में विभिन्न जगहों पर ठहराया गया था इसलिए उन सब की आवभगत करने में भी गांव वाले लगे हुए थे। इसलिए ऐसा लग रहा था मानो पूरे गांव की बेटी की ही शादी हो । दुल्हा भी बहुत सुंदर था ।

सरकारी महकमे में बडा़ अधिकारी था इसलिए बरात भी बड़े ही ठाट – बाट से आई थी। बड़ी धूमधाम से शादी हुई और दूसरे दिन विदाई का वक्त आया ।राजू सिंह के और कोई संतान नहीं थी ।इसलिए एक पिता को अपनी बेटी को विदा करते वक्त बड़ा दर्द हो रहा था। वह अपनी आंतरिक वेदना को व्यक्त नहीं कर पा रहे थे।उसे अंदर छुपाने का प्रयास कर रहे थे ।लेकिन लाल सुर्ख जोड़े में सजी अपनी बेटी को जब उन्होंने विदा किया ।तब उनका पत्थर दिल भी पिघल गया और बेटी को गले लगाकर वह भी रोने लग गए। बड़ी मुश्किल से उन्हें संभाला गया और बेटी को विदा किया गया। बेटी की विदाई के बाद घर सूना हो गया था ।मेहमान चले गए थे। बाकी बचा हुआ कार्य धीरे- धीरे हो रहा था। बुढी दादी भी रह -रह कर अपनी पोती को याद कर रही थी । चुपके- चुपके मम्मी भी आंसू बहा लेती। पिता तो अपने आंसू दिखा नहीं पाते थे। चारों तरफ बेटी से जुड़ी हुई यादें जो फैली हुई थी। चारो तरफ घर में मायूसी टपक रही थी। आज उस बेजान घर में फिर से जान आने वाली थी ।क्योंकि नंदिनी को पग फेरे की रस्म के लिए आज आना था ।उसकी शादी को नौ दिन हो चुके थे ।इसलिए घर में सभी खुश होकर अपनी लाडली बेटी के स्वागत की तैयारियों में लगे हुए थे। समय जैसे-जैसे बीतता जा रहा था। इंतजार बढ़ता जा रहा था। क्योंकि वह संध्याकालीन समय में आने वाली थी ।तभी पड़ोस में रहने वाली धन्नो की चाची आ गई और दादी के पास बैठते हुए कहने लगी – “पायँ लागू दादी जी।” दादी ने कहा -“जीती रहे ।दूधो नहाओ पूतो फलो।” चाची ने कहा -“दादी जी आपकी नंदिनी तो बहुत अच्छे घर में गई है। दूल्हा भी बहुत समझदार है।” दादी ने कहा -“सब प्रभु की इच्छा है। बाकी इंसान के हाथ में कुछ नहीं होता हैं।” चाची- “आपकी तबीयत तो ठीक है ना दादी, शादी की भाग दौड़ में कहीं ,तबीयत बिगड़ तो नहीं गई है।” दादी -“नहीं रे मुझे कुछ नहीं हुआ है। मैं तो बिल्कुल ठीक हूं ।आज तो देख मैं बहुत अच्छी हूं। क्योंकि मेरी पोती आने वाली है।” दोनों इस तरह की बातें कर रही थी कि कालूसिंह का लड़का भागता हुआ आया और -“बाबाजी- बाबाजी” कहते हुए चिल्लाने लगा। नंदिनी के पापा अंदर से बाहर आते हुए कहने लगे “क्या हुआ ?क्यों चिल्ला रहा है ?तब उसने कहा कि-“आपको बाहर बुला रहें हैं। वहाँ मेरे बापू आपसे कुछ कहना चाह रहे हैं।” वह बोले-” तुम्हारे बापू अंदर क्यों नहीं आये।” ‘वह मुझे नहीं पता।’ तभी नंदिनी के पिता भागते हुए बाहर गए और देखा कि गांव के 10- 12 लोग वहाँ खड़े थे।

सबके चेहरे उतरे हुए थे ।ऐसा लग रहा था मानो वे उससे कुछ ऐसा कहना चाह रहे थे जिनकी उम्मीद उन्हें नहीं थी इसलिए राजू सिंह भय से भीत हो गए और भारी कदमों से चलते हुए उनके पास पहुंचे और सब को हाथ जोडते हुए पूछा कि:-“क्या हुआ?आप सब क्या कहना चाहते हैं?” तब गाँव के सबसे बुजूर्ग महावीर सिंह जी आगे बढ़कर उनसे कहने लगे-“देखो राजू ,कहते -कहते बीच में रुक गए ,फिर कहने लगे कि -“भगवान की होनी कौन टाल सकता है। उसके आगे किसी का बस भी नहीं चलता है।” वह यह सब दम रोके सुन रहे थे।फिर अचानक राजू सिंह अधीरता से बोल पड़े-“दाता हुक्कम आप क्या कहना चाहते हैं?”सच बताओ ना।” महावीर कुछ बोलना चाह रहें थे लेकिन उनके शब्द बीच में ही लडखडा़ने लगे और वह केवल इतना ही कह पाए कि “बेटा नंदिनी के जँवाईसा नहीं रहे ।” इतना सुनते ही राजूसिंह पछाड़ खाकर नीचे गिर पड़े और उन सब से कहने लगे कि “आप क्या कह रहे हो आपको शर्म नहीं आई ,ऐसा बोलते हुए ।आप मेरी नंदिनी के बारे में ऐसे कैसे बोल रहो,?”और जोर-जोर से रोने लगे। लेकिन जैसे ही अपनी बूढ़ी माँ का ध्यान आया,वैसे ही सबको चूप रहने का संकेत करते हुए पागलो जैसी हरकत करते हुए वहाँ से भाग गए।तब दो -तीन नौजवान जो वहाँ खड़े थे,वो उनके पीछे भागे और उनको पकड़ कर वहाँ बने मंदिर में ले गए।सब लोग भी उनके पीछे-पीछे वहीं आ पहूँचे।तब महावीर सिंह उन्हें बताते हुए कहने लगे कि “देखो बेटा तुम्हें शान्ति रखनी पड़ेगी क्योंकि जो होना था, वह तो हो गया ।उसे क्या हम भूल पायेंगे ?लेकिन आगे क्या करना है?” बीच में ही राजू सिंह बोल पड़े कि-“आगे से आपका क्या मतलब और-और आपको यह बताया किसने?” तब महावीर सिंह जी कहने लगे कि राम सिंह जी नंदिनी के ससुराल से आए हैं उन्होंने बताया कि नंदिनी और जमाई सा तैयार होकर जब यहाँ के लिए रवाना हुए तो रास्ते में ही अपने गांव से निकलते ही अचानक सामने आई गाय से उनकी गाड़ी टकरा गई और गाड़ी पलट गई ।जिससे ड्राइवर और आगे की सीट पर बैठे हुए जवाई सा को सिर में चोट लगी जिससे वे दोनों वहीं पर परलोक सिधार गए ।नंदिनी के भी लगी है इसलिए उसे अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।जहाँ वह बेहोश है “।अब हमें क्या करना चाहिए ?यह मैं पूछना चाह रहा हूं ।”राजू सिंह को कुछ समझ में नहीं आया और वह जोर -जोर से रोने लगे। पूरे गांव में यह खबर फैल गई थी ।लेकिन किसी ने अब तक उनकी बूढ़ी मां और पत्नी तक यह खबर नहीं पहुंचाई थी ।इसलिए वह दोनों अपनी बेटी- दामाद के आने की तैयारियों में ही पलक पावडे बिछाएँ इंतजार कर रही थी।काफी देर से जब राजू सिंह भी घर नहीं गया तो उनको चिंता होने लगी। वह सोचने लगे “घर जाकर क्या कहूँगा” क्या होगा ?यह बात उनको कहूंगा तब।” उधर गांव की दो तीन औरतें उनके घर गई और इधर-उधर की बातें करती हुई वहीं बैठ गई ,तब बूढ़ी दादी नंदिनी के लौट आने का इंतजार करती हुई तरह-तरह की बातें करती हुई खुश हो रही थी । इधर राजू सिंह और गांव के 10 -12 लोग वहीं से सीधे नंदिनी के ससुराल के लिए निकल गए ।घर वालों को शक नहीं होना चाहिए इसलिए महावीर सिंह ने वहां का माहौल पूर्णता संभालने के लिए विक्रम सिंह को बोल दिया था।

और यह भी बता दिया कि अभी वहाँ कोई बात नहीं जानी चाहिए और फिर वह सभी के साथ रवाना हो गए ।वहाँ पहुंचने पर उन्होंने वहाँ का जो माहौल देखा सब के रेंगटे खड़े हो गए। बहुत ही ह्रदय विदारक दृश्य बना हुआ था। घर में सबका रो -रो कर बुरा हाल हो रहा था। नंदिनी के बारे में तरह-तरह की बातें हो रही थी ।उसेअपशकुनी कहते हुए पूरी घटना की जिम्मेदारी उसी पर डाल दी गई थी। सास उसके लिए पता नहीं क्या-क्या बोल रही थी ।नंदिनी के ससुर थोड़े वृद्ध थे। साथ में बीमार भी चल रहे थे इसलिए उन्हें हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। आज पूरे गांव में अनहोनी घटना पर बुद्धि भी काम नहीं कर रही थी। यह क्या हो गया ?वे लोग और नंदिनी के ससुराल से तीन चार लोग मिलकर हॉस्पिटल के लिए रवाना हो गए ।जहाँ नंदिनी भर्ती थी और उसके पति की डेड बॉडी भी पोस्टमार्टम के लिए गई हुई थी ।वहां पहुंचने पर देखा कि अस्पताल के बिस्तर पर लाल सुर्ख जोड़े में बहोश नंदिनी बहुत प्यारी लग रही थी। हाथ में ड्रिप लगी हुई थी ।माथे पर बड़ी सी बिंदिया चमक रही थी लेकिन वह बेसुद सी गहरी नींद में सोई पड़ी थी। पिता ने यह दृश्य देखा तो अपने आप को रोक नहीं पाये और वहीं पर दहाड़े मार कर रोने लगे।अस्पताल का माहौल होने के कारण उन्हें वहां से पकड़कर गाड़ी में ले जाया गया।और महावीर सिंह उन्हें बार-बार शांत रहने के लिए समझाते रहे और माहौल को समझने की कोशिश करने के लिए कहने लगे। क्योंकि अभी हालात बहुत नाजुक है ।यह बात उन्हें बहुत प्यार से समझाया। तब राजू सिंह उनकी गोद में सिर रखकर छोटे बच्चे के जैसे फपक -फपक कर रोने लगे, इस पर महावीर सिंह ने कहा कि “तुम्हें जितना रोना है तू आज ही रो ले, आज के बाद यह आंसू किसी के सामने नहीं आने चाहिए। न तो ये आंसू बेटी को दिखाएगा ने मां को और पत्नी को, समझा ।” इस घटना को चार-पांच घंटे हो चुके थे इसलिए शाम को 5:00 बजे उन्हें उनके जमाई सुमेर सिंह की डेड बॉडी दे दी गई ।उसे देखते ही ससुर की हालत खराब हो गई ।क्योंकि जो कभी चुलबुला हंसते हुए तुरंत उनके आने पर उठ कर खड़ा होना वाला आज एक बेजान मिट्टी की मूर्ति बना पड़ा हुआ था ।उसके इस रूप को देखकर किसी के भी आंसू नहीं रुक रहे थे। हट्टा -कट्टा नौजवान अचानक इस रूप में । विधाता के लिखे लेख को देखकर किसी की भी अक्ल काम नहीं कर रही थी। राजू सिंह अपनी बेटी के पास रुक गए और साथ में एकऔर पडोसी राजू सिंह की सहायता के लिए वहीं रुक गए थे। बाकी सब महावीर सिंह के साथ नंदिनी के ससुराल के लिए रवाना हो गए ।राजू सिंह अपनी बेटी के पास बैठे उसके सुंदर रूप को निहार रहे थे।क्योंकि उनको पता है कि उसका यह रूप उन्हें फिर कभी नहीं देखने को मिलेगा ।

समाज के जो गंदे नियम है ,वह कभी किसी की उम्र नहीं देखते हैं और न ही किसी के जज्बातों को समझते है ,बल्कि परंपरागत नियमों के बंधनों में मासूम जीवन को इस तरह जकड़ दिया जाता है कि बेबस और लाचारी में कैद एक जिंदा लाश बन कर रह जाता है ।जिसमें न ही जी पाते हैं और न हीं मर सकते हैं। बेबसी और मजबूरी ,समाज में यही विधवा औरत के साथ होता है। आज नंदिनी एक लड़की से विधवा औरत के रूप में परिभाषित हो चुकी थी ।उसका सुहाग मात्र 9 दिन का था ।उसने क्या देखा ?क्या महसूस किया? यह कोई नहीं जानता। बस अब उसके जीवन में आगे अंधेरा है। और उसे अंधेरी खाई में खुद को दबाना होगा। समाज की नजरों में उसके लिए न कोई रंग मायने रखता है और न ही सुंदर वस्तुएं उसके अधिकार क्षेत्र में है।वह इससे दूर सफेद कपड़ों में लिपटी पुतला मात्र बनकर रह गई थी।क्योंकि सारे रंग खुशियां और आभूषण उसके पति की मृत्यु के साथ ही समर्पित हो गए। तभी उन्होंने देखा कि तीन -चार औरतें जो नंदिनी की ससुराल से आई थी,वह जल्दी से बेहोश नंदिनी के पास आई और बिना कुछ बोले उसके हाथ में जो सुहाग की चूड़ियां थी उन्हें बेरहमी से उतारने लगी। ऐसे जोर जबरदस्ती करने से उसके हाथ छिल गए जिससे बहोश नंदिनी अधीर हो उठी लेकिन उन औरतों पर कोई असर नहीं हुआ ।उन्होंने चूड़ियां के साथ उसका सिंदूर भी पौंछ दिया। बेहोश नंदिनी तड़पकर रह गई ,और मजबूर पिता बेबसी के आवरण में लिपटे निढाल हो गए।लेकिन विधाता के लिखे लेख के आगे कुछ नहीं कर पाए। उसके पास बैठे उसको एक टक देख रहे थे ।उसे बिल्कुल भी अकेला नहीं छोड़ना चाहते थे। क्योंकि पुरुष प्रधान समाज में विधवा नारी के लिए जो भयावह रीति- रिवाज़ बनाये हैं उनका एक-एक करके रूप उनके सामने आने लगा ।उनका विभत्स रूप देख वह अंदर तक कांप गए।क्योंकि वह सब नारी के लिए घिनौने रूप हैं। पुरुष के लिए नहीं ।उन सब से उनकी बेटी को गुजरना पडेगा ।इसकी कल्पना मात्र से ही वह सहर गए। मजबूर पिता की तड़पन आंसू बन आँखें भिगो रही थी क्योंकि वह कुछ नहीं कर सकते थे ।उधर सुमेर सिंह को अंतिम यात्रा के लिए तैयार कर दिया गया ।वैसे तो संध्या के समय यह यात्रा रवाना नहीं होती है, लेकिन वहाँ की स्थिति को देखते हुए सर्वसहमति से यह निर्णय लिया गया कि इस शरीर से जुड़े सभी काम अभी ही हो जाने चाहिए ।इसलिए भारी कोहराम के साथ सुमेर सिंह अपने जीवन की अंतिम यात्रा के लिए जाने लगे तो घर में मातम का माहौल छा गया। इन सब का जिम्मेदार नंदिनी को ठहराया गया क्योंकि अभी उसे आए हुए थोड़े दिन हुए थे।

जैसे -तैसे महावीर सिंह आदि ने उन रीति-रिवाज में साथ दिया और वापस राजूसिंह के पास अस्पताल लौट आए। दो चार लोग गांव भी भेज दिए गए ताकि वहां भी यह बात बता सके । नंदिनी के सिर से सिंदूर नोचा जा चुका था। और हाथों से चूड़ियां छीनी जा चुकी थी। वे बेहोश अवस्था में पड़ी जिंदगी की इस सच्चाई से बेखबर थी। अचानक रात्रि के 12:00 बजे के करीब उसे होश आया और उसने अपने आप को अस्पताल में पाया और अपनी ऐसी हालत देखी तो एक अनजाने भय से काँप गई।तभी उसे सामने अपने पिता बैठे दिखाई दिए ,जो लगातार उसे ताके जा रहे थे।उसने उठने की कोशिश करी लेकिन उठ नहीं पाई ।क्योंकि हाथों में ड्रिप थी ।सिर में भी चोट आई थी। इसलिए सिर मैं पट्टी बंधी हुई थी। पिता से कुछ पूछना चाह रही थी लेकिन पिताजी ने उसके सिर पर हाथ फेरते हुए चुप रहने के लिए कहा और बोला कोई बात नहीं बेटा जल्दी ठीक हो जाओगी ।हम गाँव चलेंगे ।तब उसने कहा “आपके जमाई सा कहाँ है?” तो उन्होंने जवाब दिया कि पास के कमरे में है ।क्योंकि वह उन्हें सच्चाई नहीं बता पा रहे थे। तब उसने पूछा क्या हुआ था? तब मजबूर पिता इधर-उधर देखते हुए उसे बहलाने की कोशिश करने लगे लेकिन ज्यादा सोचने के कारण उसे अचानक रास्ते की घटना याद आने लगी जिससे अचानक उसकी नजर अपने हाथों पर पड़ी ,जिसमें एक भी चूड़ी नहीं थी ।डर और भय से कांपते हुए उसने अपने पिताजी से पूछा “पापा मेरी चूड़ियां कहां गई?” पापा, अचानक से पूछे इस सवाल का जवाब नहीं दे पाए और कुछ नहीं बोले ।

तो उसने फिर कहा-“बोलो क्या हुआ पापा मेरी चूड़ियों के साथ? कोई इन्हें खोलता है क्या? आपको पता है ना यह। कभी नहीं खुलती है। फिर मेरी चूड़ियां कहां गई? बताओ।” नंदिनी की आवाज सुनकर बाहर बैठे महावीर सिंह भी अंदर आ गए ।तब उन्हें सामने देखकर नंदिनी बोल पड़ती है ” दादू आप भी यहाँ । क्या हुआ दादू मेरी चूड़ियां कहां गई बताओ ना?” नंदिनी ने उनसे भी यही प्रश्न पूछा ,उन्होंने कोई उत्तर नहीं दिया ।अचानक नंदिनी की नजर पास में ही लगे खिड़की के शीशे पर पड़ी उसने अपने चेहरे पर मिटे हुए सिंदूर का निशान देखा तो वह जोर से चीख पड़ी। “पापा यह क्या हो गया ?मेरा सिंदूर किसने पौछा?” एक ह्रदय विधारक चीख पूरे अस्पताल में गूंज गई ।अब नंदिनी को संभालना मुश्किल हो रहा था। तब डॉक्टर को बुलाया गया और उसे एक इंजेक्शन लगा दिया गया।जिसमें नंदिनी वापस बेहोशी की गोद में सो गई ।बेबस पिता निढाल होकर नीचे गिर पड़ा ।अब क्या होगा ?इस अनजाने भय से वह कांपने लगे। नंदनी के मासूम सवालों का जवाब किस प्रकार दें ?किस प्रकार उसे संभाले? यह उसे समझ नहीं आ रहा था ।और वह स्वयं महावीर सिंह के गोद में सिर रखकर बच्चों के जैसे बिलक बिलक कर रोने लगे। महावीर सिंह उन्हें समझाते हुए धीरज रखने के लिए कहा। अभी तो गांव में उनको भी संभालना है। सब को देखना है ।इस तरह हिम्मत हारोगे तो किस तरह काम चलेगा ।बिटिया को भी संभालना ।इधर उनके गाँव में दादी को किसी अनहोनी घटना की अशंका के चलते बुरा हाल हो रहा था। रह -रह कर वह सब से यही पूछ रही थी।” मेरा बेटा क्यों नहीं आया? मेरी पोती और जमाई कहां है ?”राजू सिंह की पत्नी कुछ भी समझ नहीं पा रही थी कि यह क्या हो रहा है ?तब गांव वालों की सर्व सहमति से उन्हें भी यह सूचना देने का निर्णय लिया गया क्योंकि राजू सिंह तो अभी गांव आ नहीं सकते ।वहाँ भी किसी औरत की जरूरत पड़ेगी। ऐसा सोच उन्होंने यह सूचना घरवालों को देना उचित समझी इसलिए महावीर सिंह की पत्नी और तीन चार औरतें अपने आप को मजबूत करके उनके घर गई और दादी के पास बैठी तब राजू सिंह की पत्नी भी वहाँ आ गई तो वे औरते उसे संबोधित करते हुए कहने लगी कि नंदिनी की मां “तेरी नंदिनी के तो कर्म ही फूट गए। ” इतना कहकर वे सब रोने लगी लेकिन वह कुछ समझ नहीं पाई तब वे दादी को पूरी घटना बताने लगी लेकिन दादी इस अनहोनी घटना को स्वीकार नहीं कर पाई।और बेहोश हो गई तब औरतें उनकी सेवा में लग गई। कोई दादी की मालिश कर रही थी ,कोई उनका सिर दबा रही थी। बहुत देर बाद जब उसे धीरे-धीरे होश आया तो उसका जो रोना शुरू हुआ वो शायद ही कभी बंद होने वाला था क्योंकि यह नंदिनी और उसके परिवार का जिंदगी भर का रोना बन गया था साथ ही वह अपनी फूल सी बच्ची को इस दर्द में नहीं देख सकती। भयानक कल्पना से डर कर बार-बार कुछ कहते हुए रो रही थी। मां को तो होश ही नहीं रहा ।घर का माहौल जो 9 दिन पहले हंसी -खुशी का था और उसी खुशियो भरे माहोल में अपनी बेटी को विदा किया ,आज वही बेटी सफेद कपड़ों में लिपटी मूर्ति बन चुकी थी ।

समाज के रीति-रिवाजों के खोखले आवरण में अपनी फूल सी बच्ची को घसीटने मात्र की कल्पना से उसका कलेजा फटे जा रहा था।अभी तो उसने अपने पति को देखा भी नहीं था। समझा भी नहीं था। उसका लज्जा का आवरण पूर्णतय खुला भी नहीं कि विधाता का कहर टूट पड़ा। “हे परमात्मा तूने यह क्या लिख दिया”। ऐसी ही बातें दोहराते हुए वह लगाता रोए जा रही थी। नंदिनी पिछले तीन दिनों से अस्पताल में थी।जब भी होश आता तो उसकी हालत देखी नहीं जाती तो वापिस उसे इंजेक्शन लगा दिया जाता। लेकिन तीसरे दिन ससुराल से बुलावा आया कि उसे यहाँ लेकर आओ। उस दिन होने वाले रीति-रिवाजों की कल्पना से एक मजबूर पिता डर गया और सोच समझकर निर्णय लेते हुए उनसे कह दिया कि-“अब मेरी बेटी वहां नहीं आएगी ।” इतना कहकर वह रोने लगे ,तब सब ने उन्हें संभाला और उन्हें धीरज रखने के लिए कहा ।उस दिन डॉक्टर की सलाह से नंदिनी को गांव ले जाने की बात करी तो डॉ.ने कुछ जरुरी हिदायतो के साथ उसे जाने की आज्ञा दे दी। वह अभी पूरी तरह होश में नहीं थी ।उसे बहोशी की अवस्था में ही गाँव ले जाया गया।जैसे ही गाड़ी घर के द्वार पर पहुंची सब के सब खड़े हो गए। कि अपनी इतनी प्यारी बच्ची को जिसे नौ दिन पहले दुल्हन के रूप में यहां से विदा किया आज उसका यह रुप कैसे देख पाएंगे? हर कोई आंसू बहा रहा था।प्रकृति भी आज उदास थी। इसलिए सुबह से ही आसमान बादलों से भरा हुआ था ।हवा ने तो जैसे अपने आप को एक जगह कैद कर लिया हो इसलिए काले आसमान के तले दम घूटने वाला माहौल बना हुआ था लेकिन जैसे ही नंदिनी की गाड़ी गांव में आई ,वैसे ही रिमझिम बरसात शुरू हो गई। तब ऐसा लगा मानो प्रकृति भी अपने दिल में दबे दर्द को उदास होकर व्यक्त कर रही है। नंदिनी ने गाड़ी से अपने बेजान जिस्म को जैसे -तैसे घसीटते हुए उतरा और वहीं ढेर कर दिया ।फिर उसे अंदर ले जाया गया ।उसके रोने की क्षमता जाती रही क्योंकि पिछले तीन दिनों में वह अंदर से इतनी टूट चुकी थी कि उसे कुछ समझ में नहीं आ रहा था,कि वह क्या करे?वह दादी की गोद में बेसुद पड़ी सुबक रही थी ।दादी उसे संभाल रही थी ।फिर उसे घर के अंदर कमरे में लेकर गए। इस प्रकार नंदिनी का खेलता जीवन बिखर चुका था ।उसके जीवन में अब कोई भी खुश नहीं थी।

गूंगी बनी घंटो वह दीवारों को ताकती रहती थी । उसने बोलना छोड़ दिया था। खाना पीना तो पहले ही उसका कम था ।अब वह रोती तो रोती जाती। रोते-रोते कभी-कभी ऐसे ऐसे प्रश्न पूछती जिसका कोई उत्तर नहीं था। घर- गांव सब का माहौल भारी हो चला था ।इधर सुमेर सिंह की तैरहवी पर इस गाँव से कोई नहीं गया। क्योंकि उसके पिता जी ने यह कह दिया कि “मैं अपनी बेटी को वहाँ दुबारा नहीं भेजूँगा।”इसी दृढ़ विश्वास के साथ राजू सिंह ने यह बात अपने गांव के गणमान्य व्यक्तियों को बता दी थी। लोगों ने उस समय तो उसका साथ दिया ।लेकिन धीरे-धीरे तरह-तरह की बातें होने लगी। राजू सिंह को इन बातों से कोई फर्क नहीं पड़ता था ।क्योंकि वह अपनी बेटी को इस दर्द से बाहर निकालना चाहते थे ।वह बेटी जिसने अभी दुनिया का कोई भी रुप नहीं देखा था। इसी बीच उनके ऑफिस में काम करने वाला शंकर सिंह जो बहुत शालीन लड़का था, आज पंद्रह दिनों से उनके पास रहते हुए उन्हें संभाल रहा था।वह एक गरीब परिवार से था। लेकिन मेहनत से आज सरकारी बैंक में काम कर रहा है। राजू सिंह भी उसी बैंक में काम करते थे। धीरे-धीरे समय थोडा़ बदला। क्योंकि समय कभी एक समान नहीं रहता है और न ही किसी का इंतजार करता है। वह परिवर्तनशील है।लेकिन नंदिनी आज भी वही थी। जिस दिन वह अपने मायके आने के लिए तैयार हो रही थी। उसी रूप में खोई हुई अपनी जिंदगी से बेखबर अवसाद की गहराइयों में गिरने लगी ।ज्यादा समय उसे बेहोश ही रखना पड़ता था। क्योंकि उसकी ह्रदय विदारक उठने वाली चीखे सब के कलेजा चीर देती थी। एक दो बार उसने स्वयं को तकलीफ पहुंचाने की कोशिश करी यानि चाकू से खत्म करने की कोशिश भी करी ।इसलिए उसे हर समय अपनी आंखों के सामने रखते। वह सोती तो भी दो जने उसके पास बैठे रहते ।इस प्रकार उनका जीवन बेबसी और घुटन का पर्याय बन चुका था ।गांव में तरह-तरह की बातें हो रही थी। क्योंकि उसे एक बार भी ससुराल नहीं भेजा था ।और पिता उसे वहाँ भेजना नहीं चाहते थे।क्योंकि उसके साथ होने वाली रीति -रिवाज उन्हें स्वीकार नहीं थे। ससुराल वालों ने भी कुछ नहीं कहा ।इस घटना के महीना भर बाद राजू सिंह और उसके गांव वाले नंदिनी के ससुराल गए ।सुमेर सिंह के पिता जी से मिलने के लिए तब आगे की बातचीत करते हुए राजू सिंह ने अपना फैसला उन्हें सुना दिया। इसके तहत वे बताने लगे कि “मैंने अपनी बेटी का दुबारा विवाह करने की सोची है ।आप क्या कहना चाहते हो?” फैसला सुन थोड़ी देर तो वह चुप रहे, फिर कहने लगे कि “जैसा आपको उचित लगे ,क्योंकि यह समय की मांग है, हमारी तरफ से कोई रोक -टोक नहीं होगी।” राजू सिंह के साथ आये सभी लोग पढ़े लिखे और समय के साथ सोच रखने वाले थे, इसलिए सभी ने इस बात का स्वागत किया और उसके पुनर्विवाह की बात मान लीऔर वहां से लौट कर आते समय सबके दिल से एक बोझ उतर गया था। अब आगे सोचने के लिए वह स्वतंत्र थे। इसलिए उन्हें एक योग्य वर की तलाश थी,एक ऐसा व्यक्ति जो उनकी बेटी की जिंदगी बचा सके ।लेकिन ऐसा समाज में कौन है? जो एक विधवा से विवाह करेगा ।यह प्रश्न एक पिता को लगातार सोचने के लिए विवश कर रहा था। एक दिन वह इसी सोच में डूबे अंदर के कमरे में बैठे हुए थे। कमरे में चारों तरफ अंधेरा था ।उन्हें उजाला बिल्कुल भी अब रास नहीं आ रहा था।

किसी गहरी सोच में वह डूबे हुए थे। तब वहाँ शंकर सिंह आये और उनके पंलग के एकदम पास नीचे बैठते हुए दोनों हाथ जोड़ते हुए कहने लगे कि-“सर माफ कीजिएगा मैं छोटा मुँह बड़ी बात कहने जा रहा हूँ आपको ,अगर बुरा लेगे तो मैं पहले से ही आपसे माफी माँग रहा हूँ।”तब राजू सिंह उससे कहते हैं कि “तुम्हें जो कुछ कहना है साफ-साफ कहो ।इस प्रकार पहेलियाँ मत बुझाओ।”तब उसने कहा कि-“सर मैं आपकी बेटी से शादी करना चाहता हूँ।”यह सुन उनको अपने कानों पर विश्वास ही नहीं हुआ क्योंकि इसके बारे में तो उन्होंने कभी सोचा ही नहीं,इसलिए इस अप्रत्याशित बात पर खुद कितनी देर तक हैरान होते रहे।फिर एकदम से उठ कर उसे अपने गले लगा लियाऔर रोते हुए कहने लगे -“धन्यवाद मेरे बेटे, मैं तुम्हारा यह एहसान कभी नहीं भूलूँगा।”तब उसने खुलकर कहा कि-“सर मैं नंदिनी से बहुत पहले से प्यार करता हूँ लेकिन मैं आपसे कभी कह नहीं पाया ।”इसके बाद शंकर उठ कर राजू सिंह के चरण छू लेता है। तब वह उसे आशीर्वाद देते हुए उठकर बाहर आये और अपनी माँ के पास बैठ सारी बाते बताने.लगे। माँ भी उनके दर्द को समझती थी इसलिए वह भी इसे सुनहरे अवसर के रुप में मानते हुए स्वीकार कर लेती है।फिर राजूसिंह ने भी गाँव के मुख्य व्यक्तियों से भी अपने मन की बात करते हुए अपना निर्णय सुना दिया ।उन में से कुछ अनमने भाव से ही सही राजू सिंह की बात मान ली क्योंकि उनके तर्क के आगे उन लोगों की बातों का कोई महत्व नहीं रहा। फिर घर आकर आगे की बातचीत करी और आने वाली अक्षय तृतीया जो एक अबूझ सावा होता है, उस पर अपनी बेटी की शादी की तैयारी में लग गए। क्योंकि तब तक उस घटना को हुए चार महीने से अधिक समय भी हो जाएगा। इधर नंदिनी की हालत अब भी नहीं सुधरी थी वह पहेले की तरह ही अपने आप में खोई रहती थी उसे अपनी तथा दुनिया की कोई सुध -बुध नहीं थी । इसी तरह चार महीने बीत गए ।

अक्षय तृतीया पर सामान्य रीति रिवाज से उसकी शादी शंकर सिंह के साथ कर दी गई ।लेकिन विदाई उन्होंने संध्याकालीन समय में नहीं करी।क्योंकि उनका मानना था कि मैं अपनी बेटी को भोर के उगते हुए सूरज की सुनहरी किरणों के साथ विदा करना चाहूंगा ताकि उसके जीवन में उन किरणों की चमक और रोशनी उसी प्रकार बनी रहे। फिर दूसरे दिन सुबह के समय नंदिनी को लाल सुर्ख जोड़े में सजाकर माता- पिता और गांव वालों के आशीर्वाद से शंकर सिंह के साथ विदा कर दिया गया। शंकर सिंह उसे लेकर अपने घर आ गए ।जहाँ उसकी मां ने बड़े जोरों -शोरों से अपनी बहू का स्वागत किया लेकिन नंदिनी में कोई भाव, कोई उल्लास, कोई खुशी दिखाई नहीं दी । उसने एक बेजान लाश की तरह सब रीति रिवाज मानते हुए काम करा। और बुत बनी रही। उसके इस रूप को देखकर बहुत से लोग बातें भी बनाते , क्योंकि एक तो विधवा विवाह ऊपर से उसकी यह हालत ,लेकिन शंकर सिंह को कोई फर्क नहीं पड़ रहा था क्योंकि उसकी नज़र में आज एक सामान्य लड़की इस रूप में क्यों आई है। इसके पीछे भी कहीं ना कहीं समाज के पुराने रीति रिवाज़ और विचार ही जिम्मेदार थे जो हंसते- खेलते जीवन को तुरंत बर्बादी की ओर धकेल दिया।वह उसके जीवन में सुनहरी किरणे भरना चाहता था। ।ताकि वह उसे वापस अपने सामान्य जीवन में ला सके। और नई खुशहाली के सपने दिखा सके । शंकर और उसकी माँ दिन-रात नंदिनी से हंसी खुशी की बात करते हुए खुश रखने का प्रयास करते रहते थे ।लेकिन उसको कोई फर्क नहीं पड़ रहा था। वह उसी तरह खोई रहती । वह शंकर की कोई बात समझने की कोशिश भी नहीं करती ।और न ही उसकी तरफ देखती ,बस घंटों शून्य में कहीं ताकती रहती थी। कभी- कभी रोने लग जाती । तब उसकी मां उसे समझाती और बहलाती लेकिन उसे कुछ समझ ही नहीं आता। शादी को छह महीने हो चुके थे। इस बीच दो बार राजू सिंह भी नंदिनी को अपने साथ गांव ले गये थे ।ताकि थोड़ा परिवर्तन हो सके।वह सामान्य स्थिति में आए। लेकिन उसमें कोई परिवर्तन नहीं आया ।एक दिन नंदिनी और उसकी सास साथ में टीवी पर कोई फिल्म देख रहे थे । वह अपने आप में खोई हुई थी। उसे उस दृश्य से कोई फर्क नहीं पड़ रहा था ।कि इस फिल्म में क्या सीन चल चल रहा है ?तभी उसमें कुछ ऐसा सीना आया, जिसमें उसने देखा कि एक लड़की जिसकी कुछ दिन पहले शादी हुई थी ,वह अपने पति के साथ घूमने जा रही थी। अचानक सामने से तेज रफ्तार से आई किसी गाड़ी से उनका एक्सीडेंट हो गया।तभी वहाँ भीड़ इकट्ठी हो गई और चीख-पुकार मच गई ।वह दृश्य देखकर उसे अपना दर्द याद आने लगा और वह जोर-जोर से चीखने लगी, और रोने लगी।

सहसा शंकर अंदर से भाग कर बाहर आयेऔर उसे पकड़ने का प्रयास किया,तो उसने उसे एकटक देखा और सब भूल गई और उसके हाथ लगाकर टटोलती रही कि वह सपना तो नहीं है,वह एकदम सही सलामत तो है, उसके कहीं लगी तो नहीं। उसे कोई दर्द तो नहीं हो रहा है ।वह पागलों के जैसे उससे पूछे जा रही थी, और शंकर उसे दिलासा देने की कोशिश कर रहा था। धीरे-धीरे उसका रोना शांत हो गया और वह अपने सास के सामने ही शंकर की छाती से लग गई तथा फूट-फूट कर रोने लगी ।तब शंकर उसे समझाते हुए दिलासा देने लगा और खुद के ठीक होने की स्थिति भी उसे समझाने लगा ,और उसे पकड़कर नीचे बिठाया तथा उसकी मां ने उसे अपने गोदी में सुला लिया।वह छोटे बच्चे के जैसे रोती हुई हिचकियां भरने लगी। उस दिन काफी देर तक नंदिनी फूट फूट कर रोई थी और रोते-रोते वह बेहोश होकर सो गई तब शंकर उसे बिस्तर पर ढंग से सुला कर बाहर आ गया और अपनी मां के साथ बैठकर बातें करने लगा, कि हो सकता है हमें एक बार इसे डॉक्टर को दिखाना चाहिए। उस दिन नंदिनी उठी भी नहीं और देर तक सोती रही। संध्याकालीन समय में भी उसे छेड़ा नहीं गया और वह सोती रही। रात्रि में एक -दो बजे के करीब सहसा उसकी नींद खुली और उठ कर वह बैठ गई। सामने शंकर गहरी नींद में सो रहा था। उसे वह बहुत प्यार से देखने लगी और उसके सिर पर हाथ फैरने लगी। अचानक शंकर की आंखें खुलीऔर सामने नंदिनी को बैठे हुए देखा तो कुछ अनहोनी के डर से उठ कर स्वयं भी बैठ गया ।पहली बार नंदिनी उसे देख कर मुस्कुरा रही थी। उसे इस रूप में देख ,उसे बहुत खुशी हो रही थी ।काफी देर तक दोनों ऐसे ही बैठे रहे। तब शंकर ने उसका हाथ पकड़ा और अपने हाथ में लेकर उसे विश्वास दिलाने की कोशिश करी। नंदिनी तब तक उसे ऐसे ही प्यार से देखे जा रही थी।

अचानक वह शंकर की छाती से लग गई । शंकर ने भी उसे अपनी बाहों में छुपा लिया ।अब उस पर किसी प्रकार का दुख या कष्ट का साया वह नहीं आने देगा, इसी प्रण के साथ वह उससे वादा करता है। तब नंदिनी की आंखों से आंसू बहने लगे तो उसने उससे कहा कि “आज के बाद तुम्हारी आंखों में आंसू नहींआने चाहिए ।इसका वादा तुम मुझसे करो।” नंदिनी ने उसकी बात मानते हुए सिर हिला दिया और शंकर ने उसके आंसू पौछे। आज पहली बार उसे इस अरेंज मैरिज में लव मैरिज का सा अहसास हो रहा था ।और नई जिंदगी के सुनहरे सपने उसकी आंखों में भी तैरने लगे।दूसरे दिन भोर का सूरज काफी ऊपर चढ़ गया था ।उसकी सुनहरी किरणे पूरे घर में बिखर गई थी। चिड़ियों की चहचहाहट वातावरण में फैल रही थी। उसकी मां पूजा घर में बैठी हुई पूजा कर रही थी। क्योंकि वह कल की घटना से कुछ ज्यादा ही दुखी थी। अचानक घंटी की मधुर ध्वनि और आरती के स्वर पूरे घर में गूंजने लगे।इसी स्वर के साथ शंकर और नंदिनी दोनों हाथ पकड़े हुए मंदिर में आये भगवान को हाथ जोडे़ और मां जी के चरण छू लिए ।चरण छूते हुए कहा” मां हमें नए जीवन की खुशहाली का आशीर्वाद दीजिए ।”मां दोनों का यह नया रूप देख कर बहुत खुश हो गई और ढेरों बलाइयां लेते हुए उन दोनों को आशीर्वाद दिया तथा भगवान जी के सामने दंडवत प्रणाम किया तभी अचानक कहीं दूर मंदिर से आने वाली शंख की ध्वनि भी उन्हें सुनाई देने लगी । माँ आज आंतरिक रुप से बहुत खुश थी क्योंकि कम उम्र में पति के खोने का दर्द उससे ज्यादा और कौन समझ सकता है ,क्यों कि वह स्वयं इस दर्द से गुजरी हुई है ।जब शंकर गर्भ में ही था तब उसके पिताजी यह संसार छोड़ गए थे । इसलिए वह नंदिनी की पीडा़ को बहुत ही अच्छे से समझ सकती थी ।इसी मार्मिक अनुभूति के कारण वह शंकर के इस फैसले में साथ रही और पूरा सहयोग दिया जिसका परिणाम ही था कि आज उसके बेटे की जिंदगी में खुशियों की बाहार छाने लगी थी जिसकी महक से पूरा वातावरण भर गया था।यह वातावरण शंकर और नंदिनी के जीवन में नई खुशियों का संदेशा लेकर आया था ।इस कारण शंकर नंदिनी से कहने लगा कि “क्यों ना आज हम आपके मम्मी पापा के पास चल कर उन्हें भी तुम्हारे सही होने का समाचार सुनाएं ।नंदिनी भी खुश हो गई ।तभी सास ने भी बहू से कहा”जाओ बेटा जल्दी से तैयार हो जाओ ,तुम्हें देर हो जाएगी।” इसी के साथ दोनों तैयार होने चले गए। तैयार होकर जब वे दोनों बाहर आए तो माँ ने दोनों की नजर उतारी और उन्हें रवाना किया।जैसे ही नंदिनी गाडी़ में बैठी वैसे ही उसका दिल जोर -जोर से थड़कने लगा और डर के मारे उसने अपना चेहरा छिपा लिया।तब शंकर ने तुरंत उसके हाथों को चेहरे से हटाते हुए अपने हाथों में पकड़ लिये और उसकी आँखों में देखते हुए विश्वास दिलाया तथा नंदिनी की आँखों में आए आँसू पौंछ डाले और एक हाथ से उसके हाथों को पकडे़ हुए तथा दूसरे हाथ से गाडी़ चलाते हुए अपनी राह पर आगे बढ़ गये। राजूसिंह के घर में अभी उदासी पसरी हुई थी राजू सिंह अधिकतर अपने कमरे में अंधेरा करके ही पड़े रहते थे ।घर से बाहर निकलना तो जैसे उन्होंने छोड़ ही दिया था।नौकरी पर कभी कभार पहूँच जाते थे। उनकी पत्नी अपने में ही खोई रहती थी ।

वह किसी से बातें भी नहीं करती थी और दादी पूरे दिन अपने बाल गोपाल को सीने से लगाए सिसकती रहती थी ।कुल मिलाकर पूरे घर में सभी जिंदा लाशे बने जिंदगी को ढो रहे थे।आज संध्या घिर आने के बाद भी कोई अपने में नहीं था ।अचानक दरवाजे पर दस्तक हुई ।राजू सिंह अनमने भाव से दरवाजा खोलने के लिए उठे और द्वार खोला, तो सामने बेटी -दामाद को खडा़ पाया । बेटी का बदला -बदला रुप देख राजू सिंह ठगे से उसे देखने लगे क्योंकि आज नंदिनी अच्छे से तैयार होकर जो आई थी ।पिताजी को खोया देख तुरंत वह उनके पैरों में छूक गई।अचानक नींद से जागते हुए उन्होंने नंदिनी को उठाया और गले से लगा लिया ।काफी देर तक नंदिनी अपने पिताजी के गले लगी रोती रही ।अचानक रसोई में खडी़ माँ को कुछ अलग सा सुनाई दिया तो वह भी लपक कर बाहर आई सामने नंदिनी और जँवाईसा को देख तुरंत उनके पास पहूँची ।माँ को सामने देखते ही नंदिनी अपने पिता से अलग होते हुए माँ के गले लग गई।माँ-बेटी की आँखों से गंगा -जमना बहने लगी । शंकर सिंह ठगे से खड़े यह दृश्य देखे जा रहे थे।तभी राजूसिंह को जैसे होश आया हो इसलिए उन्होंने नंदिनी और जँवाईसा को अंदर लिया तथा बैठक में ले गए। शंकर सिंह तो बैठक में चले गए लेकिन नंदिनी अपनी दादी के कमरे की ओर गई ।जहाँ वह दीन -दूनिया से परे आँसुओ के समुंद्र में गोते लगा रही थी सहसा नंदिनी को सामने देख अपने आप को रोक नहीं पाई और दादी- पोती दर्द की गहराई में उतरने लगी लेकिन राजू सिंह नंदिनी के पीछे-पीछे वही आ गए और उन्होंने उन दोनों को दूर करा तथा नंदिनी की हकीकत अपनी माँ को बताने लगे जिसे सुन दादी खुश होते हुए अपने कन्हैया को कोटि-कोटि धन्यवाद देने लगी और अपनी पोती का माथा चूम लिया ।बेजान से घर में आज खुशियों की चहचहाट गूँजने लगी ,और बेस्वाद जिंदगी में स्वाद की खुशबू महकने लगी ।आज अरसे बाद राजूसिंह के घर से हँसी की आवाज सुन गाँव वालो के मन में भी हलचल मचने लगी इसलिए लोगों का रेला राजूसिंह के घर की ओर बढ़ने लगा।राजूसिंह भी आगे आकर सबको नंदिनी के ठीक होने की बातें बताने लगे और अपने घर में उत्सव का ऐलान कर दिया ।जिसे सुन सभी लोग खुशी से झूमने लगेऔर नंदिनी और शंकर अपने नये जीवन के पथ की ओर अग्रसर हो चूके थे। जीवन की खुशहाली के रास्ते तलाशने के लिए। 💐😊

MS Urmila Rathore🙏

3150cookie-checkपुनर्विवाह

2 thoughts on “पुनर्विवाह”

Leave comment

Your email address will not be published. Required fields are marked with *.