उर्मिला राठौड़ ब्लॉग

उर्मिला राठौड़ के ब्लॉग में आपका स्वागत है
*छायावाद-जीवन की गहराई*

‘छायावाद ‘ युग नई सोच और नवीन परिवर्तन का समय था । भारतीय जीवन में यह समय पर्याप्त उथल-पुथल तथा अस्मिता की खोज का युग था । इसका उदय ‘द्विवेदी -युग’ की नीरस ,उपदेशात्मक तथा इतिवृत्तात्मक कविता के विरोध में सन् 1914 के आस-पास हुआ था।इस समय में धर्म, समाज ,राजनीति और साहित्य आदि सभी क्षेत्रों में तेजी से परिवर्तन हो रहा था।धार्मिक क्षेत्र रूढिवादी बंधनों से जकडा़ हुआ था ।इन बंधनो को काटने के लिए ‘राजाराममोहन राय’ और महर्षि दयानंद सरस्वती’द्वारा अनेक प्रयास किये गए थे।पराधीनता ने भारतीय जनता को आत्मकेन्द्रित बना दिया था, इसलिए राजनीति क्षेत्र में गांधी जी के प्रयास तेजी से चारो तरफ फैलने लगे थे ।
पश्चिम के विदेशी साम्राज्य वादियों के आगमन ,पाश्चात्य जीवन-पद्धति ,अंग्रेजी -शिक्षा का प्रचलन ,भारतीय संस्कृति की निस्सारता का प्रचार तथा साम्राज्यवादियों द्वारा किये जाने वाले शोषण ने भारतीयो को झकझोर कर रख दिया था , इसी कारण आधुनिक हिन्दी साहित्य में ‘छायावाद ‘एक शीतल ठंडी छाँव के समान उभरा क्योंकि इसमें प्रकृति की गहराई में जीवन को जानने के रास्ते समझाये गए थे।
छायावाद एक विशाल सांस्कृतिक चेतना का परिणाम था, यद्यपि उसमें नवीन शिक्षा के परिणाम होने के चिह्न स्पष्ट हैं तथापि वह केवल पाश्चात्य प्रभाव नहीं था बल्कि इसे कवियों की भीतरी व्याकुलता ने ही नवीन भाषा-शैली में अपने को अभिव्यक्त किया।हिन्दी के कवियों ने अपने राष्ट्र -प्रेम को केवल कविताओ के माध्यम से ही व्यक्त नहीं किया अपितु स्वयं भी सक्रिय रूप से भाग लेते थे।ऐसे कवियों में प्रमुख हैं-श्री माखनलाल चतुर्वेदी ,रामनरेश त्रिपाठी, बालकृष्ण शर्मा ‘नवीन’,और सुभद्राकुमारी चौहान आदि नाम उल्लेखनीय हैं। इनकी राष्ट्रीय कविताओ में मन के वास्तविक आवेश तथा सच्ची अनुभूति के दर्शन होते हैं।माखनलाल चतुर्वेदी ने स्वछन्द विचरण करने वाली कोयल से अपने कारावास के जीवन से तुलना के बहाने स्वाधीन विषमस्थितियों की कठिनाइयों को समझाया है।
छायावादी काव्यधारा में मुख्यत: दो प्रकार की रचनाएँ पढने को मिलती है।-1-एक वर्ग उन रचनाओ का है जो सामयिक स्थितियों को ध्यान में रखकर लिखी गई है तथा दूसरे वर्ग की रचनाएँ वे हैं जो समसामयिक राजनीतिक -सामाजिक परिदृश्य को सामने लाने के साथ-साथ शाश्वत जीवन मूल्यों तथा समानता ,स्वाधीनता ,न्याय आदि को रेखांकित करती हैं। इसी कारण निश्चय ही दूसरे वर्ग की रचनाएँ साहित्य की स्थायी कालजयी निधियाँ मानी गई हैं।
छायावादी कविता के प्रवर्त्तक कवियो में प्रमुख कवि हैं-सुमित्रानन्दन पंत,सूर्यकांत त्रिपाठी ‘निराला’ ,जयशंकर प्रसाद और छायावादी रूपी मंदिर की प्रमुख देवी के रूप में पहचान रखती हैं -महादेवी वर्मा।’ छायावाद खडी़ बोली में सौंदर्य -भावना के पुनरूत्थान का पहला युग था । इसके सभी कवि सौंदर्य जीवी थे। उनके उपचेतन ने प्रकृति में मनुष्य का ही यौवन ,विलास और विरह दैन्य की छाया देखी है। पंत ने उसकी वय:सन्धि की धूप छाँव को ,प्रसाद ने उसके यौवन-विलास को ,निराला ने प्रेम की गहराई और शक्ति तथा महादेवी ने उसकी अतृप्त वेदना को वाणी दी है।
छायावाद अपनी सरसता ,नूतनता व्यंजकता एवं सौंदर्य के कारण विरोधों के सामने अप्रत्याशित रूप से विजयी हुआ।यह एक नूतन क्रान्ति लेकर साहित्य -जगत में आया, जो तत्कालिन युग को प्रभावित करते थे।उस पर रवीन्द्र नाथ ठाकुर की गीतांजलि और अंग्रेजी के रोमांटिक कवियों का प्रभाव भी पड़ा है।स्थूल के प्रति सूक्ष्म का विद्रोह एवं अतृप्त इच्छाओं की अभिव्यक्ति भी उसमें थी।छायावाद में उद्दाम वैयक्तिकता का प्रथम विस्फोट और मानवतावादी दृष्टिकोण भी था।विरह -वेदना का उमड़ता हुआ समुद्र तथा मिलन की चिर-अनुभूति भी उसमें थी।स्थूल के प्रति करुणा की भावना थी तो असीम और अनन्ता के प्रति पूर्ण समर्पण की उत्कट अभिलाषा थी।
छायावाद रहस्यमय परिस्थितियों से परिचित कराने का अवसर मात्र ही नहीं बल्कि सूक्ष्म से स्थूल की ओर भी अग्रसर करता है,क्योंकि छायावाद एक समय की धारा नहीं है यह जीवन की गहराई है जहाँ बोझिल होती मानवीय जिंदगी को फिर से समझने का मौका मिलता है।इसी कारण इसके प्रमुख स्तंभकारों का वजूद भी निराला ही रहा है।इसी कारण छायावाद रूपी मंदिर की देवी के रूप में विख्यात महादेवी वर्मा द्वारा रचित संस्मरणात्मक रचनाएँ जहाँ पशु -पक्षी जगत की भावनाएँ मन को उद्धेलित कर देती है,क्योंकि उनके गिल्लू, नीलकंठ ,वसंत ,गोरा आदि ऐसे पात्र हैं जो न सिर्फ वर्तमान मानवीय संबंधों को फिर से सोचने -समझने के लिए विवश कर सकते हैं।साथ ही उन्हें कभी-कभी अपने सामाजिक परिवेश को फिर से जानने के लिए भी मजबूर कर सकते हैं।
जैसे कि ‘सर’ की उपाधि से सुशोभित ‘गुरूदेव ‘ की मृत्युपरांत उनका पालतु कुत्ता उनसे मिलने ‘शांति -निकेतन’ से ‘श्री- निकेतन’की दूरी को सहजता से पार कर उनकी अर्थी के पास बैठ अपनी संवेदनाएँ व्यक्त भी करता है,और उनकी अर्थी के साथ -साथ चलता है।वहाँ कोई दिखावा नहीं था।बल्कि आंतरिक भावों की गहराई थी जो उसको गुरूदेव से जोड़ रही थी।
आज के परिवेश में मानव चाहे जैसी भी स्थितियों को अपने आस-पास देखे ,वह उसको समझने की बजाए आरोप-प्रत्यारोप करके वहाँ से खिसकना सर्वोपरी समझता है,क्योंकि आज के परिवेश में मानव भाव शून्यता के साथ -साथ अंदर से संबंधों का खोखला आवरण ही ओढे हुए हैं,जहाँ सिर्फ वे मुखौटावादी जीवन की रूपरेखा ,स्वार्थ परकता की भावना ही प्रमुख है।
छायावाद अपने भीतर रहस्यात्मक तत्व भी समन्वित किए हुए था इसीलिए रहस्य-भावना का उद्रेक छायावादी रचनाओ में भी हुआ। इसके कवि अपने हृदय की छाया प्रकृति के भीतर देखकर संतोष न कर सके बल्कि उनके भीतर व्याप्त चिरन्तन सौन्दर्य से भी वह संवेदनशील मन का नाता निरन्तर जोड़ने लगे।प्रकृति जिस अमर सौन्दर्य की छाया मात्र है उसके प्राण तत्व की रहस्यात्मकता की अनुभूति भी इन कवियो द्वारा व्यक्त किये जाने वाले काव्य में महसूस की जाने लगी तथा अपने हृदय के भावों से उस रहस्यात्मक सौंदर्य का तादात्म्य होने लगा।
हिन्दी कविता के लिए रहस्यवाद कोई नयी बात नहीं है ,क्योंकि यह परम्परागत रूप से ही नाथो और सिद्धों की लेखनी का विषय रहा है। इसके पीछे मूल रूप से साधन -सम्पन्न अनुभूतियों का आधार नहीं ,बल्कि बौद्धिक चिन्तनशीलता है।
महादेवी वर्मा के गीतों में रहस्यावादिता की व्यापक छाप है। चिर- विरह पीड़ा से आक्रान्त स्नेह पथ पर महाज्योति से मिलन की साध उनके विरह -निवेदन के रहस्य पदों में हैं।निराला वेदान्ती रहस्यवादी हैं तो प्रसाद की रहस्यवादिता शैव-आनन्द की आधारशिला लिए हुए हैं। काव्य में ब्रह्म और जीव की एकता स्थापित होने के कारण ही वह स्थिति रहस्यवाद के अन्तर्गत आती हैंऔर जब जगत और प्रकृति के भीतर ब्रह्म और जीव की छाया का निरूपण होने पर वह स्थिति छायावाद कहलाती है।इसमें प्रकृति प्रमुख रहती है।इसी कारण पंत और महादेवी छायावाद को रहस्यवाद की पहली सीढी मानते हैं।
रहस्यवाद आत्मा, परमात्मा और जगत् तीनों को लेकर चलता है, परन्तु छायावाद उनमें से परमात्मा को छोड़ देता है ,क्योंकि यह परमात्मा के स्वरुप को प्रकृति में महसूस करता है।
छायावादी कविता में कविता लिखने की शैली लगातार बदलती रहती है। महादेवी की कविताओ में प्रकृति की सुंदरता अज्ञात प्रिय या चिरन्तन प्रिय के पास पहूँच जाती है ,जिससे एकांतिक प्रेम की भावना जन्म लेती है।पंत जी ने प्रकृति की सुंदरता को कोमल भावों की शैली में प्रस्तुत किया है।बच्चन ने छायावादी शैली से प्रेरणा लेकर ‘हालावाद’ एक नये दर्शन के रूप में इसे स्थापित करके इस(छायावाद) शैली में बदलाव करा और इसे जीवन की नई सोच प्रदान की है और साथ ही इस (हालावादी) दर्शन को जीवन की नई दृष्टि से निहारा।मध्ययुगीन फारसी कवि उमर खय्याम का मस्तानापन हरिवंश राय बच्चन की शुरुआती कविताओ में विशेषकर ‘मधुशाला’में एक अद्भुत अर्थ विस्तार पाता है-जहाँ जीवन एक मधुशाला है,कल्पना साकी और कविता वह प्याला है जिसमें ढालकर जीवन पाठक को पिलाया जाता है।कविता का एक घूँट जीवन का एक घूँट है।पूरी तन्मयता से जीवन का घूँट भरे,कड़वे-खट्टे भी सहज भाव से स्वीकार करें तो अतंत: एक सुफियाना -सी बेखयाली मन पर छाने लगती है और एक के बहाने सारी दुनियाँ से इश्क हो जाता है,तथा ऐसी स्तिथि में तेरे-मेरे के समस्त झगडे़ काफूर हो जाते हैं।यही बच्चन का हालावादी दर्शन कहलाता है।
इसके प्रमुख समीक्षको में आचार्य रामचंद्र शुक्ल के प्रिय शिष्य आचार्य नंददुलारे वाजपेयी का नाम भी आता है । जहाँ आ. रामचंद्र शुक्ल को भक्ति काल प्यारा लगता हैं वहीं वाजपेयी जी ने भक्तिकाल की संभावना को छायावाद में महसूस किया है।और उन्होंने छायावादी रचनाकारों की रचनाओ का अध्ययन करके आलोचनाएँ लिखी ।उन आलोचनाओ से शुक्ल जी का मन भी छायावाद के प्रति बदलने लगा।
वाजपेयी जी छायावादी कविता के ऐसे समीक्षक हैं जिन्होंने कविता की आत्मा को सुंदरता की नज़र से देखा तथा उनके अनुसार ” जीवन की राहे चाहे कितनी ही कठिन हो छायावादी कविता का आत्मप्रकाश जीवन को नई उमंग से भर देता है।”अत: छायावादी युग आधुनिक हिन्दी कविता का भक्ति युग है।
वाजपेयी ने छायावादी कविता पर कुछ कहने की बजाए भक्ति काल को समझाने का प्रयास किया।वास्तव में छायावाद और भक्तिकाल दोनों का आध्यात्मिक स्वरुप अलग है।भक्तिकाल के रचनाकारों ने अपने -अपने आराध्य को केन्द्र में रखकर ईश्वरीय ज्ञान प्रस्तुत किया। जबकि छायावादियों ने प्रकृति की सुंदरता को केन्द्र में रखकर ईश्वर का गुण-गान किया।
कबीर और जायसी की कविता का मुख्य आधार निराकार परमात्मा है,जिसमें प्रेम की अनुभूति का वर्णन है।प्रसाद और महादेवी की रचना में प्रकृति प्रेम को ही ईश्वर मान लिया है।इस प्रकार ज्ञानी लोग आत्मा की पहचान करवाते हैं,तो छायावाद आनंद का अनुभव कराते हैं,जिससे नैतिक विकास होता है।सांस्कृतिक मूल्यों की पहचान होती है।
वाजपेयी जी यह मानते हैं कि छायावाद में भक्तिकाल के रहस्यों को पुरी तरह से प्रस्तुत नहीं किया गया।लेकिन छायावादी कविता का रहस्य भारत और पश्चिम की संस्कृति से भली-भाँति परिचित करता है।कविता के भाव – पक्ष और कला -पक्ष दोनों में संतुलन है।इसलिए छायावादी कविता जीवन के उपयोगितावादी सत्य को प्रस्तुत करवाती है। भक्तिकाल आत्मा का दर्शन है।किन्तु छायावाद में आत्मा की झलक लगातार मिलती रहती है।जो सांस्कृतिक उद्यान को मानवतावाद के रूप में स्थापित करती है।
भक्तिकाल में जीवन का स्वरूप गहराई लिए हुए है। लेकिन छायावाद में आधुनिक जीवन के नये मूल्यों का अवलोकन है इस प्रकार ‘सूरदास’ की कविता में राधा -कृष्ण का श्रृंगार स्वाभाविक है।जबकि छायावाद में प्रकृति की सुंदरता से जीवन के निर्माण का पथ निकलता है।
प्रारम्भ में आलोचकों ने छायावाद को रहस्यवाद से भिन्न मानकर इसकी बडी़ कटु आलोचना की थी ।पं. रामचन्द्र शुक्ल ने लिखा था-“छायावाद शब्द का प्रयोग दो अर्थो में समझना चाहिए। एक तो रहस्यवाद के अर्थ में -जहाँ उसका सम्बंध काव्य -वस्तु से होता है।छायावाद शब्द का दूसरा प्रयोग काव्यशैली या पद्धति के व्यापक अर्थ में है।” छायावाद का मूल अर्थ तो महादेवी वर्मा ने ही अपनाया है।पंत, प्रसाद ,निराला और बाकी कवियों ने प्रतीक पद्धति के आधार पर ही अपनी काव्य रचना करी है।
अगर गहराई से छायावाद की हर स्तिथि पर विचार करे तो एक बात समझ में आती है कि -छायावाद न तो रहस्यवाद था और न ही एकमात्र काव्यशैली ,जितनी ही परिभाषाएँ आज तक इसकी मिली उनमें कहीं न कहीं थोडी़ बहुत भ्रान्तियाँ है।सच्चाई तो यह है कि साहित्य की कोई भी स्थिति वाद में नहीं बंध सकती है,क्योंकि ‘वाद’ का प्रभाव लेखको और कवियों की रचनाओ पर किया जाता है,जबकि कोई भी लेखक या कवि किसी वाद के आधार पर रचना नहीं करते हैं।प्रेत्यक युग का प्रभाव साहित्य पर पड़ता है,और उस युग की आपनी विशेषताएँ होती है।इसलिए प्रेत्यक युग का साहित्य स्वयं में नूतन होता है,जिस पर अलग-अलग ‘वादो’ का आरोप आलोचको द्वारा लगाया जाता रहा है।
छायावाद हिन्दी साहित्य में एक नई सोच और परिवर्तन का समय था ।इसमें नवीन सफल साहित्यिक प्रयास था ।इसमें भाव ,भाषा,शैली तथि छंद सभी कुछ नूतन रुप में आए थे।नारी ,प्रकृति और प्रेम ही शुरुआत में इसके कवियो का वर्ण्य विषय रहे हैं।यहीं कवि बाद में जीवन के गायक भी बने।छायावादी कवियों की प्रौढ रचनाओं में जीवन का स्वर सर्वाधिक मजबूत रहा है।यह हिन्दी साहित्य के इतिहास में एक प्रमुख धारा तो है ही ,साथ ही यह साहित्य तीव्र भावुकता और कल्पना की प्रांजलता के विचार से ‘हिन्दी साहित्य में सर्वोत्कृष्ट है इसलिए ‘छायावाद’सूक्ष्म से स्थूल की गहराई है,जो जीवन को नये आयाम प्रदान करता है।

MS Urmila Rathore🙏🙏

3090cookie-check*छायावाद-जीवन की गहराई*

Leave comment

Your email address will not be published. Required fields are marked with *.