‘बेबस’
आज स्वर्ग लोक में चारों तरफ खामोशी पसरी हुई थी। क्योंकि चित्रगुप्त जी अपने-आप में खोए हुए थे और उनकी आँखें लगातार आंसू बहा रही थी। किसी की इतनी हिम्मत नहीं हो रही थी कि उनके पास जाकर उनके आंसू बहने का कारण पूछ सके। लेकिन जब यमराज से रहा नहीं गया तो वह चित्रगुप्त जी के सामने जाकर खड़े हो गए और उन्हें प्रणाम करते हुए पूछ ही लिया –
” भगवान ,आज क्या हुआ है?जो आप इतने भावुक हो रहे हैं।”
चित्रगुप्त जी ने अपने सिर को उठाए बिना ही जवाब दिया कि-” क्या बताऊं आपको ?आज पृथ्वी लोक पर एक ऐसी अनहोनी घटना घटी , जिससे मेरा तो इस सृष्टि के आने जाने के इस नियम से ही विश्वास उठ गया है ।परमात्मा की इस सुंदर रचना का यह हाल देख ,मैं अंदर से बेबस हो गया हूँ, क्योंकि परमात्मा ने इसे बहुत सुंदर बनाया था।और अपने दिल के सुंदर मनोयोग से इससे जुडी़ छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखकर इसे सजाया और सवारा। अपने मन के सुंदर भावो को इस संसार के लोगों के माध्यम से पूरे करने के लिए ही इस सृष्टि पर सबसे सुंदर कृति के रूप में मानव का निर्माण करा। परमात्मा ने जब अपनी इस अनुपम कृति की बुद्धि ,विवेक और कार्यप्रणाली को देखा तो वह भी फुले नहीं समा रहे थे, क्योंकि वे उनकी आशा के अनुकूल कार्यरत रहते हुए , निरंतर प्रगति के द्वार खोजने का प्रयास कर रहे थे। और जेहन में आने वाले सवालों के जवाब ढूंढते हुए उनके समाधान में नित्य तरक्की के रास्ते तलाश रहे थे। लेकिन आज उसी समाज का सबसे महत्वपूर्ण एक हिस्सा, जो मजबूत ,ताकतवर और समझदार माना जाता है । उसने मेरी आंखों की चमक और ख्वाब दोनों को छिन्न-भिन्न कर दिया। मैं हर बार प्रभु की इस पावन धरा को और निखारने के लिए कुछ न कुछ परिवर्तन करता रहता हूँ।,इसी के तहत समाज के सबसे उपेक्षित वर्ग में बदलाव लाने के उद्देश्य से ही
मैंने बहुत सोच -विचार कर ,ग्रह -नक्षत्रों के योग को ध्यान में रखकर एक सुंदर और बुद्धिमान बालिका को संसार में भेजा था। मैं बहुत खुश हो रहा था कि प्रभु की सृष्टि पर बेबस नारी जीवन में अब अवश्य ही परिवर्तन होगा । उससे पुरुष प्रधान समाज में स्त्रियों के अधिकारों और कर्तव्य को नई दिशा मिलने वाली थी। वह सृष्टि पर एक नया अध्याय लिखने में सक्षम थी। वह उगते हुए सूरज की सुनहरी किरणों के समान धरती पर प्रकाश फैलाने वाली थी ।”
इतना कहने के साथ ही चित्रगुप्त जी की हिचकियां बंध गई।
तब यमराज जी ने पुछा “प्रभु आगे क्या हुआ?”
तब चित्रगुप्त जी ने बताया कि “पृथ्वी लोक का सबसे शक्तिशाली व्यक्तित्व -‘पुरुष ‘है।उसने मेरे ख्वाब को कुचल कर रख दिया।”
यमराज जी को बहुत आश्चर्य हुआ ।उत्सुकतावश उन्होंने आगे पुछा “भगवन ऐसा क्यो?और कैसे करा?”
तब चित्रगुप्त जी ने आगे बताया कि-“वंशवृद्धि के लिए बेटे की चाह में उसने मेरे सपने को संसार में आने से पहले ही मसल दिया।”इसी के साथ चित्रगुप्त जी का दर्द आँखों के रास्ते बह निकला।
यमराज जी के मुँह से अनायास ही निकल गया
“क्या प्रभु?”
फिर उन्होंने आगे बताया कि “हाँ !देव,उस नन्हीं सी जान को औजारों में उलझाकर उसके अंग-अंग गर्भ में ही काट -काट कर मार डाल दिया गया।उस अबोध जीवन को सुनहरे संसार के खुले वातावरण में सांस भी नहीं लेने दी।”इसी के साथ चित्रगुप्त जी की भौहें क्रोध में तन गई लेकिन उन्होंने कहना जारी रखा कि-
“इतना करने के बाद भी उसकी आंखों में शर्म नहीं थी बल्कि अपने आपको एक नए वजूद के साथ निर्लजता से हंसते हुए सामने वाले व्यक्ति को धन्यवाद देकर वहां से आगे निकल गया।इसी के साथ चित्रगुप्त जी अपने उस नायाब कृति के खोने के गम में डूबे आंसू बहा रहे थे और यमराज जी वही ठगे से खड़े अपने भगवान को देख रहे थे ।
MS Urmila Rathore🙏
शानदार रचना 🔥
Good👍