उर्मिला राठौड़ ब्लॉग

उर्मिला राठौड़ के ब्लॉग में आपका स्वागत है
बारिश की एक रात

                       बारिश की एक रात

बहुत दिनों से सता रही उमस और गर्मी से निजा़त दिलाने के लिए  आसमान सुबह से ही काले-काले बादलों से भरा हुआ था।सांझ होते-होते रिमझिम के साथ वर्षा का ऐसा दौर शुरू हुआ कि रात भर पानी नहीं रुका। सुबह के सात बज चुके थे ,लेकिन नभ में अभी मेघदूतों ने अपना डेरा डाल रखा था,जिससे अमृत रुपी मोती बिखर कर धरा की कोख में समा रहे थे। पपीहे की मेरे पीऊ  कहाँ ,? मेरे पीऊ कहाँ ? की टेर हर विरहणी का ह्र्दय चीर रही थी। पेड़ों पर मोरों ने मोर्चा संभाल रखा था।मिट्टी की सौंधें पन से युक्त मस्त हवा बह रही थी।  पानी की बूँदें कमरे की खिड़की के काँच पर अपनी इबादत लिख रही थी। इस कारण बाहर का दृश्य स्पष्ट दिखाई नहीं दे रहा था।इसलिए हाथ में कपडा़ लेकर मैने उसको धीरे-धीरे साफ किया और हाथ में चाय का प्याला लेकर मैं भी बाहर कमरे में आ बैठी।तभी रेडिये से निकलने वाली मधुर तान वर्षा की बूँंदों के संग राग मिलाते हुए वातावरण में मादकता  उत्पन्न करने लगी और गायक का उभरता स्वर ‘ आज मौसम बड़ा बेईमान है।’ का तराना फ़िजा में गूँज उठा और उसने मेरे मन को अतीत के गलियारे की ओर  धकेल दिया।मेरा बचपन खुले गगन तले ,पहाड़ों से घिरे गाँव में  व्यतीत हुआ था। वहाँ बारिश का दौर शुरु हुआ नहीं कि पहाड़ों की रंगत बढ़ जाती थी। प्रकति की गोद में बसे होने के कारण इस मौसम में इस जगह की सुंदरता में चार चाँद उस समय लग जाते जब  उन्हीं पहाड़ों से गिरने वाले झरनें अपने श्वेत दूध से युक्त फेन के साथ अपना विशाल आकार ग्रहण कर लेते। ऐसे सुंदर प्राकृतिक वैभव को निहारने और इनके साथ अठ खेलियाँ करने को मासूम मन मचल उठता था,क्योंकि मुझे शुरु से ही प्रकृति से विशेष लगाव रहा है।लेकिन सौतेली माँ के डर से ऐसा प्रत्यक्ष कुछ नहीं होता था।
छुपते-छुपाते ही  अपनी सहेलियों के साथ इसका आनन्द लेने के लिए निकल पड़ती ।वापसी पर  घर  में जो दृश्य उत्पन्न होता ,उसे देख हर  किसी की सिरहन बढ़ जाती थी। क्योंकि अम्मा का गुस्सा सातवें 
आसमान पर होता था। बाबा उनके आगे कुछ बोल नहीं पाते थे ।इसलिए वह मूक दर्शक। बन, बुत बन जाते और उस क्रोधाग्नि में घी का काम मेरी सौतली बहन कर देती थी।फिर अम्मा के हाथ में जो भी होता उसे दे मारती थी। अम्मा और बहन मुझसे इतनी नफरत क्यों करती थी मुझे कभी समझ में नहीं आया लेकिन मेरी सहेलियाँ मुझे जिस रुप में समझाती ,उसका सार यहीं निकलता कि मेरी शालीनता,होशियारी के साथ मेरी सुंदरता के चर्चे भी गाँव में होते थे। सच मे मै देखने मे बहुत सुन्दर थी ऐसा मेरी सखियाँ मुझसे कहा करती थी। वही मेरी छोटी बहन नाटी , मोटी और काले रंंग के साथ देखने मे बहुत भद्धी दिखती थी। इस कारण वह मुझे बिलकुल भी प्रसन्द नही करती थी और अम्मा के कान भरती रहती थी उस दिन ऐसा हुआ कि मेरी तो   
दुनिया ही बदल गई। हुआ यूँ कि इन्द्रदेवता की कृपा से प्राकृतिक सौदर्य हिलोर ले रहा था और मेरा मन भी इस दिव्य स्वरूप को निहारने के लिए व्याकुल हुआ जा रहा था। मैने अपने दोस्तो के साथ इस स्वर्णिम आभा को निहारने का फैसला लिया कि ,जब अम्मा दुपहर को सो जायेगी तभी हम निकल जायेंगी क्योकि अपने सामने तो वो मुझे कही नहीं जाने देती थी । पूरे दिन किसी ना किसी काम में लगाए रखती थी। स्कूल भी छोटी बहन की निगरानी में ही कभी-कभार भेजती थी।
तय  समय पर अम्मा जी के सोते ही चुपके से  घर के बाहर निकल गई ,थोड़ी दूरी पर शर्मा जी के घर के घर के पीछे मेरी सखियों का हुजूम  भी मुझे मिल गया। फिर हमारी टोली गंतव्य की ओर उड़ चली ।तभी बबली का पांव फिसला चिकनी मिट्टी पर और वह गिर पडी़। उसे रानी ने सहारा देकर उठाया और शरारती अंदाज में उसे छेड़ते हुए कहा “संभल  मेरी जान तेरा ध्यान किधर है ।”उसकी इस शरारत पर बबली अपना दर्द भूल मुस्कुराने लगी ।उसे देख सभी हंसी ठिठोली पर उतर आए। तभी रेखा ने अपना दुपट्टा हवा में लहराते हुए अलापना शुरू कर दिया कि” हवा में उड़ता जाए मेरा लाल दुपट्टा मलमल का जी ,मेरा लाल दुपट्टा मलमल का ।” ‘
अरे रे रे…..यह क्या चुनरी संभाल गोरी उड़ी-उड़ी जाए रे” कहते हुए रेखा का साथ देने बबली भी उठ खड़ी हुई थी ।दोनों ने वहां बहुत सुंदर समा बांध दिया था । फिर हमारी टोली झरने से अठखेलियां करने लगी ।तभी मेरा ध्यान उस विहंगम दृश्य की ओर गया जहाँ दूर तक 
फैले हरियाली से आछादिंत पहाड़ आसमान से होड़ लगाने को बेताब पेड़ ,नीचे सुरमई फूलों से लदी घाटियाँ
‌परमात्मा की असीम सत्ता के रहस्य को और बढ़ा रही थी।मन कर रहा था कि ,काश !जीवन यही बीत जाए ,इसलिए मेरा मन उस रमणीक सुंदरता में खो सा गया। तभी रेखा ने मुझे झकझोड़ते हुए
छेड़ा ।”बेटा जाग जा घर भी चलना है , याद है या उसकोभी भूल गई। याद दिलाऊँ ।”मैंएकदम से  तंद्रा से जागते हुए बोली ।”क्या समय हो गया ?” “मैडम शाम के 4:00 बज चुके हैं।” 4:बजे का नाम सुनते ही मेरी तो घी-घी बंद गई । हाथ पांव कांपने लगे ।मेरी सखियों ने मुझे संभाला और सभी सरपट घर की ओर दौड़ चली ।वहां वही हुआ जिसका डर था ।अम्मा जी मोर्चा मांडे तैयार ही खड़ी थी। बहन सैनिक के जैसे हथियारों से लैस थी। अम्मा जी ने कहा “आ गई महारानी “कहां मरी थी ?अम्मा जी, जी- जी  ,वह वह दोस्तों के साथ थी । मेरा इतना ही बोलना था कि ,अम्मा जी का हथियार दो बार वार कर चुका था । एक बार बाहें पर तथा दूसरा मुंह पर, क्योंकि मैंने उनके सामने अपना मुंह जो खोल दिया था ।उनके पहले वार ने बाहँ से   खून निकाला तथा दूसरे वाले मेरे प्यारे एक दांत को ही स्वर्ग धाम भेज दिया। मेरा मुंह रक्तरंजित हो चुका था ।खून को देखते ही मैं  कांपने लगी और बेहोश होकर वहीं गिर पड़ी। इसके बाद मुझे कुछ भी याद नहीं ।क्या हुआ ?लेकिन ,जब आंख खुली तो खुद को अस्पताल में पाया ।जहां बाबा मेरे पास बैठे थे और अम्मा मुंह फुलाए बाहर बैठी थी मेरे हाथों पर ड्रिप ने अपना स्थान ग्रहण कर लिया था ।पूरा शरीर दर्द कर रहा था ।तथा गर्म तवे के समान तप रहा था ।रह- रह  कर आंखें बंद हो रही थी ।उस रात को जब मुझे होश आया तो मेरे जहन में अम्मा का डर इस कदर बैठ चुका था ,कि मैं अभी कांप रही थी। तभी मुझे ठंडी हवा के झोंके सा एहसास हुआ ।और एक अनजाना साया मेरी और बढ़ा ,और उन्होने अचानक मेरा हाथ पकड़ा ।उस हाथ के स्पर्श में पता नहीं ऐसा क्या था कि मैंने तुरंत अपने दोनों हाथों से उनके हाथों को कस कर पकड़ लिया ।और बंद आंखों से ही जोर-जोर से चिल्लाते हुए कहने लगी “मुझे बचा लो -मुझे बचा लो” इस बीच बाबा मेरे पास आए उन्होंने मेरे सिर पर हाथ फेरा मुझे समझाने की बहुत कोशिश करी ,लेकिन मुझे कुछ भी समझ नहीं आ रहा था ।तब उस अनजान शख्स ने मेरे हाथों को पकड़े -पकड़े ही मुझे से “कहा तुम्हें किस से डर लग रहा ?कौन है यहां  ?देखो यहां तो कोई नहीं है ।लेकिन मैं डर के मारे आंखें नहीं खोल पा रही थी। फिर काफी समझाने के 
बाद आंखें खुली और मैं टकटकी बांधे उनको देखने लगे। पता नहीं उन आंखों में क्या सम्मोहन था? कि मैं अपनी आंखें हटा नहीं  पा रही थी। फिर ऐसे ही धीरे -धीरे मेरी आंखें फिर से बंद होने लगी ।लेकिन अब मैं शांत हो चुकी थी ।तो उन्होंने मेरा हाथ छोड़ मुझे इंजेक्शन लगाने की प्रक्रिया में लग गए ।तब तक मेरे हाथ पता नहीं कैसे उनके कपड़ों को कसकर पकड़ चुके थे। फिर ,मैं कब नींद के आगोश में चली गई मुझे पता नहीं चला ।सुबह कमरे की  खिड़की के पास लगे पेड़ से चिड़ियों की चहचहाहट की आवाज आ रही थी ।उस चहचहाहट से धीरे-धीरे मेरी नींद दूर भागी और मैंने आंखें खोलने की कोशिश करी । मुझे कमजोरी महसूस हो रही थी ।थकान से मेरी आंखें बोझिल हो रही थी। तब बाबा मेरे पास आए उन्होंने मेरे सिर पर हाथ फेरा, दांत के टूटने के कारण मुंह में बहुत दर्द हो रहा था ,इसलिए मैं बोल नहीं पा रही थी। बस मुस्कुरा दी। लेकिन इसी मुस्कुराहट के साथ मेरी आंखों से दो आंसुओं की बूंदे भी टपक गई
जिन्हें बाबा ने अपने हाथों से तुरंत पोंछते  हुए मेरे सिर पर हाथ रखा, फिर मैंने देखा ,यह क्या ?बाबा की आंखें भी लगातार गंगा जमुना बहा रही थी ।इसी बीच किसी अनजान व्यक्ति ने कमरे में प्रवेश लिया ।वह कोई देवदूत सा लग रहा था । तथा वह कोई 20 -22 साल का था। मैं तो बस उसे देखते ही रह गई ।और इसी बीच बाबा ने भी अपने आंसू छुपा लिए थे ।  इस दौरान मेरे होठों पर हल्की-हल्की मुस्कुराहट फैल गई ।और मैं उन्हें चुपके चुपके ताकती रही ।  लेकिन उन्होंने उस समय कुछ नहीं कहा और मेरा मुहावना करके चले गए ।उनके जाने के बाद बाबा ने बताया कि वह डॉक्टर साहब है । 
जो कुछ दिन पहले ही अपने इस गांव के अस्पताल में आए हैं ।मैं वहां अस्पताल में 2 दिन रही इस दौरान वे जब भी वहां आते ,तब  मेरा काम तो बस चुपके -चुपके उनको देखने का ही रहता था । मैं उनसे बातें नहीं करती थी और न हीं वह मुझसे कुछ कहते थे ।वह बाबा से ही कुछ बातें करके चले जाते ।दूसरे दिन शाम को उन्होंने बाबा को बताया ,कि “आप 1 घंटे के बाद उनको यहां से ले जा सकते हैं। और 4 दिन के बाद दिखाने के लिए आप इन्हें यहां ले आना।” हां जब भी आपका शहर जाना हो ,इनको साथ ले जाना और वहां नया दांत लगवा लेना ।”इतना सुनते ही पास में खड़ी अम्मा भी बिखर गई ।और धीरे-धीरे  भला बुरा कहने लगी ।तब धीरे से बाबा ने अम्मा को समझाया बुझाया और मुझे घर ले आए ।घर आने के बाद मेरा मन नहीं लग रहा था। अब मैं अम्मा की किसी बात का बुरा नहीं मान रही थी। वह जो कहती  मैं सभी काम कर देती पूरे दिन सून्य में ताकते  हुए चुपचाप रहती ।और उस रात के  स्पर्श को महसूस करते हुए अंदर ही अंदर एक अनजाना दर्द पालबैठी । मुझे पता था,कि इस दर्द की कोई दवा नहीं है, लेकिन मैं कुछ नहीं कर सकती थी। 4 दिन के बाद बाबा मुझे दोबारा अस्पताल दिखाने ले 
गए ,लेकिन उस दिन हमें डॉक्टर साहब नहीं मिले और नर्स ने ही मेरा मुहावना करके  हमें घर भेज दिया ।मेरा मन उदास हो गया ।क्योंकि एक यही तो बहाना था, उन्हें दोबारा देखने का। थके कदमों से मैं बाबा के साथ घर लौट आई ।ऐसे ही 15 दिन बीत गए। श्रावण का महीना होने के कारण मौसम वैसे ही सुहावना हो रहा था ।मोर की मधुर आवाज तथा पपिए  की पीयू -पीयू का दर्द मेरे दर्द कोऔर  बढ़ाने का कारण बन रहे थे ।ऐसे ही दिन निकल रहे थे। एक दिन सांयकाल आसमान काली घटाओं से भर गया ।ठंडी -ठंडी पुरवाई चल चल
रही थी ।मौसम में मादकता बढ़ गई  थी।तो मेरा आंतरिक  दर्द भी मार्मिक  वेदना से व्याकुल होकर व्य
व्यथीत हो रहा था ।तभी किसी ने दरवाजे पर दस्तक दी ।बाबा ने दरवाजा खोला तो ,देखते क्या है कि ,कि डॉक्टर साहब दरवाजे पर खड़े हैं ।उन्हें देखते ही मेरे दिल की धड़कन तेज हो गई ,और मैं अंदर कमरे में जाकर छुप गई ।उनके आगमन के साथ ही शायद इंद्र देवता भी प्रसन्न हो गए थे ।इसलिए झमाझम बारिश करने लगे ।ऐसी वर्षा होने लगी मानो कभी रुकने का नाम ही नहीं लेगी ।उन्होंने बाबा से क्या बातें करी  मुझे नहीं सुनाई दी ।मेरे जेहन में तो सांय-सांय की आवाज  ही गूंज रही थी। तभी बाबा ने मुझे वहीं से पुकारा ।मैं डरते हुए कदमों से चलकर वहाँ पहुंची तो बाबा ने मुझे बैठने का इशारा किया ।मैं वहीं बैठ गई ।अम्मा और छुटकी पहले से वहीं बैठे थे । मेरे बैठते ही बाबा बोलने लगे ,बेटा !यह डॉक्टर राम हैं। यह तुम से विवाह करना चाहते हैं । तेरा कुछ कहना है। या तुम कुछ कहना चाहोगी। लेकिन मैंने कुछ नहीं कहा ,कभी उनको और कभी अपने आप को देखने लगी। मन में तो बिल्लियाँ उछल रही थी। लेकिन जबान से शब्द नहीं फूट रहे थे । तुरंत खड़ी हुई और अंदर कमरे में जाकर पलंग पर गिर पड़ी।  इधर मेरे मन में भावनाओं की बिजलियां  तूफान मचा रही थी। और उधर  आसमान मेंबिजलियां कहर ढा़ रही थी ।ज्यादा बारिश होने के कारण वह घर नहीं जा पाए इसलिए उनके खाने पीने की व्यवस्था भी वही की गई ।अम्मा भून -भून कर रही थी ।छुटकी ताने मार रही थी ।पर मैं उन सब से अनजान बारिश की एक रात की खुशी को महसूस कर रही थी। बारिश देर तक होती रही ।इसलिए खाने के बाद उनके सोने की व्यवस्था भी बाबा ने यही करने के लिए मुझे आवाज दी ।मैंने उनके लिए बैठक में ही बिस्तर लगा दिए थे ।कुछ देर तक बाबा वहां खड़े रहे और फिर अंदर चले गए । और मुझे कहा बेटा डॉक्टर साहब को पानी भी दे जाना ।बाबा की आवाज में मुझे जड़ वंत बना दिया मैं धीरे से उठी और रसोई से पानी लिया और बैठक में पहुंच गई। डॉक्टर साहब चारपाई पर दूसरी ओर मुंह करके बैठे हुए थे ।इसलिए मैं धीरे से पानी रखकर वहां से खिसकना चाहती थी ।लेकिन उन्होंने शायद मेरी उपस्थिति को महसूस कर लिया था। इसलिए जैसे ही मैंने पानी टेबल पर रखा वैसे ही वह पलट कर मेरे सामने खड़े हो गए ।मैं एकाएक घबरा गई ।और पलट कर वहां से भागना चाह रही थी, लेकिन उन्होंने मेरा हाथ पकड़ लिया ,और” बोले नया दांत लगवाने का मुहूर्त कब निकला ना है?” मैं तो बस उन्हें ताकती रही और धीरे से इतना ही बोला,” जब आपका मन करे तब निकला लेना।” इतना कहकर मैं वहां से हंसते हुए भाग गई ।इसके 2 महीने बाद ही हमारी शादी हो गई। उन्होंने शादी में कुछ नहीं लिया ।विदाई के वक्त बाबा से बिछड़ने का बहुत दुख हो रहा था ।उन्होंने बेबसी के आंसू भरी आंखों से  मुझसे इतना ही कहा ,”बेटा तुम्हारे दुख भरे दिन बीत गए हैं , न ई  खुशियां राह देख रही है ,इसलिए जाओ बेटी सदा खुश रहो।” इतना कहते ही वह फूट-फूट कर रोने लगे। मुझे आगे की जिंदगी के लिए रवाना किया। अम्मा और छुटकी आज भी मेरे साथ गैरों जैसा व्यवहार कर रहे थे। कोई बात नहींकी। जिंदगी नये रास्तो की ओर उड़ चली ।डॉक्टर साहब भी अनाथ थे । अनाथालय की चारदीवारी में जीवन के सपने देखे और आगे बढ़े। आज दो अलग-अलग सूखी नदी कै से पाट में फिर से पानी की आवाक बढ़ने की उम्मीद से , दो अलग-अलग धारा आगे बढ़ चली और नई चमकती सुनहरी सूरज की
  किरणें रूपी रोशनी बाहें पसारे स्वागत को तैयार थी ।कल क्या था ?और आज क्या हो गया ?इसी को परिवर्तन कहते हैं ।समय के साथ दो बच्चे मेरी जिंदगी में आए और आज वह दोनों अपने -अपने  जीवन के लक्ष्य पथ पर आगे बढ़ चुके हैं। और अपना -अपना मुकाम हासिल  करके कर्म पथ को संभाल रहे हैं। मेरा जीवन यौवन से कब झूरियों में बदल गया ,पता ही नहीं चला ।तभी ! “अजी सुनती हो”  कि आवाज ने मेरी तंद्रा भंग करी ,और अतीत के गलियारे  बंद करके मैने आवाज के रास्ते पर कदम बढ़ा दिया और मैं भोर के सुनहरे सूरज में  उस मधुर आवाज को आज भी अपने जीवन का अहम हिस्सा मानते हुए उनका अनुसरण करते हुए उनके लिए चाय बनाने लगी।

MS Urmila Rathore.

1270cookie-checkबारिश की एक रात

1 thought on “बारिश की एक रात”

Leave comment

Your email address will not be published. Required fields are marked with *.