उर्मिला राठौड़ ब्लॉग

उर्मिला राठौड़ के ब्लॉग में आपका स्वागत है
*दोस्ती*

पुराने शहर के बीचो -बीच एक साथ हुए चार धमाकों ने प्रशासन की नींद उड़ा दी ।घटना से तुरंत हरकत में आए प्रशासन ने वहाँ पर पुलिस और फौज की गाड़ियाँ भेज दी । घटना स्थल पर चीख-पुकार के स्वर के कारण ह्रदय विदारक दृश्य पैदा हो रहा था। एक साथ चार धमाकों ने लोगों की हालत खराब कर दी थी । लोग जैसे थे, जिस अवस्था में थे, घटनास्थल की ओर दौडे़ चले आए ।जिनके अपने इन क्षेत्रों की ओर आए थे ,अब वहां वह उन लोग को खोजने की कोशिश कर रहे थे ।लेकिन वहाँ तैनात पुलिस ,लोगों को आगे नहीं बढ़ने दे रही थी। लाशो के ढेर वहाँ लग गए थे ।शरीरों के चिथड़े इधर-उधर छितरे हुए पड़े हुए थे। वहाँ खड़ी गाड़ियों और बाइकों की धज्जियां उड़ गई थी। आस -पास के पेड़ धराशाई हो गये थे। दुकानों की छते उड़ गई थी। घटनास्थल से कुछ दूरी पर स्थित दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरो से फुटेज निकाले गए । ध्यान से देखने पर वहाँ कुछ संदिग्ध व्यक्ति नज़र आये। उन व्यक्तियों की तलाश की जाने लगी। उन्होने काला लंबा जोगा और ढीले पजामे के साथ अपना मुंह भी बांध रखा था तथा सिर पर सफेद रंग की टोपी लगा रखी थी उनमें से तीनों के हाथ में कुछ ना, ना कुछ पकड़ा हुआ था लेकिन चौथे व्यक्ति के हाथ में बैशाखी थी । घटना स्थल से कुछ ही दूरी पर देखने पर फुटेज में दिखे चारों व्यक्तियों में से तीन व्यक्तियों के शरीर के चिथड़े इधर-उधर बिखरे पड़े थे ।लेकिन चौथा कहीं भी नजर नहीं आ रहा था ।उसकी तलाशी के लिए छानबीन तेज कर दी गई ।शहर में नाकाबंदी कर दी गई ।वहां से भागना नामुमकिन था।ऐसी स्थिति में उसे सबसे पहले किसी सुरक्षित स्थान की जरुरत थी ,जहाँ वह इस घटना से उत्पन्न स्थिति पर नजर रख सके,इसलिए उसने यानि बशीर ने एक चाल चली ।पहले वह अपने अड्डे पर पहुंचा,जो कि उसने पास में ही बना रखा था।उसने अपनी वैशाखी को वहाँ छुपा दियाऔर फिर जयपुर फुट लगा लिए ।कपड़े बदले ।आंखों पर चश्मा लगाया और हेयर स्टाइल बदल कर वापस घटनास्थल की ओर रवाना हो गया क्योंकि उसे वहाँ की पूरी जानकारी लेनी थी जिसे उसे अपने आलाकमान को जो भेजनी थी ।साथ ही यह उसकी और से किया गया पहला ऑपरेशन था, जिसमें उसने कहां- कहां गलतियां करी है यह भी उसे जानना था। इसलिए जैसे ही वह घटनास्थल पर पहुंचा उसकी नजर एक ऐसे दृश्य पर अटक गई जिससे वह सोचने पर विवश हो गया ।वहां उसने देखा कि रामदीन काका जो कभी उसके पड़ोसी हुआ करते थे,वह आज वहां पागलों की तरह रोए जा रहे थे। लोगों से पूछने पर पता चला कि उनका इकलौता बेटा जो इस दुकान के बाहर अपना ठेला लगाता था, वह भी इस घटना में मारा गया है। जैसे ही उसे यह बात पता चलती है ,उसके पांव कांपने लगते हैं। चेहरे पर घबराहट बढ़ गई थी। उससे वहां खड़ा नहीं रहा गया । उसकी आंखों के आगे वह दृश्य नाच गया जब वह और काका का बेटा मोहन पक्के दोस्त हुआ करते थे ।उनकी दोस्ती पूरे मोहल्ले भर में मशहूर थी। उन दिनों एक भी दिन ऐसा नहीं निकलता था ,जब वे आपस में मिलते नहीं हो। अभी वह मोहन के बारे में सोच ही रहा था कि उसकी नजर उस पुलिस वाले से टकराई जो लगातार वहां के हालात को काबू में करने की कोशिश कर रहा था ।अरे! यह क्या? यह तो कोई जाना पहचाना है। बशीर मन में यह सोच ही रहा था कि ,उसे एक झटके से याद आया, अरे !यह तो अपना गुरुचरण है ।जैसे ही यह नाम उसके मुंह से निकलता है ,उसे अपने पांव के नीचे से जमीन खिसकती महसूस हुई। उससे वहाँ खड़ा नहीं रहा गया ।लोगों का हुजूम अब बढ़ गया था चीख -पुकार के बीच सभी अपनों को तलाश रहे थे। इधर-उधर बिखरे शरीर के टुकड़ों को इकट्ठा किया जा रहा था। घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा जा रहा था। तभी फौज वहाँ आ पहुंची और स्थिति को अपने नियंत्रण में ले लिया। तीन आतंकवादियों के शवों को भी कब्जे में लिया गया ।मीडिया कवरेज के लिए आपाधापी कर रहा था कुल मिलाकर वहां दिल दहलाने वाला दृश्य उत्पन्न हो गया था ।कहां तो बशीर को अपने पहले काम की सफलता या खुशी यहां खींच लाई थी। कहां अब उससे चला भी नहीं जा रहा था ।उसे ऐसा जान पड़ रहा था कि उसके शरीर का बोझा उसका अपाहिज पाँव उठा नहीं पा रहा है ।इसलिए अपने जिस्म के भार को एक पैर के सहारे घसीटते हुए एक ऐसी जगह ले जाना चाहता था ,जहां उसे कोई पहचान नहीं पाए।
उसके फोन पर कोड वर्ड में लगातार मैसेज पर मैसेज आ रहे थे ।लेकिन उसने फोन को हाथ भी नहीं लगाया वह चलते-चलते शहर की भीड़ और उस चीख-पुकार से बहुत दूर निकल आया ।उसकी आंखें लगातार आंसू के समुंदर में गोते लगा रही थी। जब उसने नजरें उठाकर चारों तरफ देखा तो, खुद को एक छोटी सी पहाड़ी की तलहटी में पाया ।जिसके पास एक छोटा सा तालाब भी था ।जिसमें छोटे -छोटे जीव उछल कूद कर रहे थे। एक पापी बगुला एक टांग की साधना में लीन रहने का ढोंग करते हुए मछलियों के आने की प्रतीक्षा कर रहा था, ताकि वे उसे दबोच सके। पास ही में छोटे-छोटे विभिन्न प्रकार के पौधे रंग बिरंगे फूलों के साथ हिल मिल कर खेल रहे थे, पास में खड़े बट वृक्ष पर सैकड़ों पक्षियों की चहचहाट का स्वर स्पष्ट सुनाई दे रहा था। यह जगह बशीर के लिए नई नहीं थी। क्योंकि पहले जब भी स्कूल से छुट्टी मिलती या बारिश का मौसम होता तो अपने दोस्तों के साथ ( मोहन और गुरु चरण )अक्सर यहां समय बिताने के लिए आते थे। आज यहाँ सन्नाटा छाया हुआ था ।क्योंकि इस शहर में इतनी बड़ी घटना जो घट गई थी। बसीर उन दिनों को याद करके रोने लगा, क्योंकि उन दिनों यह तीनों यहां घंटों बैठकर भविष्य के ताने-बाने बुना करते थे । उन सपनों में रंगीनियाँ थी, शरारते थी ,तकरारे हुआ करती थी इसीलिए उन तीनों की दोस्ती मोहल्ले भर में प्रसिद्ध थी। लोगों के द्वारा कहा जाता था कि इनके शरीर अलग-अलग है पर जान एक ही है इन सब बातों में खोया बशीर कब यादों के गलियारे में पहुंच गया ,पता ही नहीं चला । 12वीं में उनका अच्छा परिणाम आया था ।जिसकी खुशी में यह तीनों एक ही बाइक पर घूमने के लिए निकल पड़े ।गाड़ी बशीर ही चला रहा था। मस्ती में खोए यह तीनों उड़े चले जा रहे थे ।बाइक की स्पीड का भी इन्हें ध्यान नहीं रहा। अचानक वहां एक गाय सामने आ ग ई।जिससे उनकी गाड़ी उससे टकरा गई ,और पलटकर नीचे खाई की ओर लुढ़कने लगी । गुरु चरण झाड़ियों में ही उलझ गया, जिसके कारण उसे ज्यादा चोट नहीं लगी। लेकिन मोहन सीधा सिर के बल पहाड़ी से टकराया इसलिए उसके सिर में ज्यादा चोट लगी और वह 6 महीने तक कोमा में भी रहा ।बशीर का तो एक पाँव ही काटना पड़ा तथा सीधे हाथ की दो अंगुलियों ने भी भी साथ छोड़ दिया ।इस घटना से तीनों दोस्तों की जिंदगी बदल गई ।बिस्तर में पड़े रहने की सजा के साथ इलाज पर हुए खर्चे ने घर की माली हालत खराब कर दी थी। बशीर सबसे बड़ा था। उसके अलावा भी घर में 6 भाई -बहन थे ।बूढ़े दादा -दादी के साथ भरा पूरा परिवार और कमाने वाले एक अब्बा ।ऐसे में घर में रोज टकरार बढ़ने लगी ।दोस्तों से मिलना जुलना पहले ही बंद हो चुका था। घर के माहौल से परेशान होकर एक रात बशीर ने अपनी बैसाखी उठाई और घर छोड़ दिया । 6 साल तक उसने पलट कर भी नहीं देखा।उस दिन वैशाखी को पकड़े अपनी ही धुन में लंगड़ाते- लंगड़ाते बशीर तेजी से जा रहा था कि एक गाड़ी से टकरा गया और सड़क पर गिर गया।उससे उठा नहीं गया क्योंकि सीधा गिरने के कारण सिर में चोट लगी। साथ ही बैशाखी में पैर भी उलझ गया जिससे एक दर्द भरी चीख वहाँ गूँज गई ।तब तक भीड़ भी वहाँ इकट्ठी हो चुकी थी और उस गाड़ी का मालिक भी गाडी़ रोककर वहाँ आ गया था और उसे उठाकर अपनी गाडी़ में डाल अस्पताल ले गया तथा पूरा इलाज करवाया। बशीर के ठीक होने पर उसे उसके घर छोड़ने के लिए घर का पता पूछा तो उसने घर जाने से एकदम मना कर दिया तो मालिक उसे अपने साथ लेकर आ गये। उसके रहने खाने का बंदोबस्त उसके बंगले के पास बने क्वार्टर में कर दिया गया और एक नौकर को हिदायत देकर उसकी देखभाल के लिए छोड़ दिया गया ।मालिक उससे मिलने सुबह-शाम आते जाते रहते थे ।पहले तो वह उससे ज्यादा बातें नहीं करते थे, लेकिन अब वह धीरे-धीरे उससे घुलमिल गए थे ,इसलिए वह उससे जिहाद आदि से जुड़ी बातें और कहानियां भी बताने लगे ।दिन-रात उसी माहौल में रहने के कारण बशीर पर भी अब वही रंग चढ़ने लग गया था ।पहले उसका पूरा इलाज कराया गया।फिर उसके जयपुर फुट लगवाए गये और उसे खर्चे के लिए अच्छे खासे पैसे भी दिए जाने लगे ।जब बशीर उसके प्रभाव में आ गया तो मालिक ने उसे अपने काम में भीसम्मिलित कर लिया और अपराध जगत से जुडी़ उसकी ट्रेनिंग शुरू हो गई ।दिन -रात की ट्रेनिंग और जेहादी विचार धारा से एक सामान्य विद्यार्थी , खूंखार आंतकवादी बनने लगा। उसका पहला ऑपरेशन यही था, जिसे उसने इतने अच्छे से किया था। लेकिन बम धमाके के उपरांत अपनों की बलि चढ़ते देख बशीर की आंखों पर झाई आंतकवादी परत अब हट चुकी थी ।साथ ही इतनी देर तक शांत प्रकृति की गोद में बिखरे अनेकता में एकता की स्थिति ने भी उसके सोचने समझने की क्षमता को मजबूत कर दिया था ,क्योंकि यहां प्रकृति ने विभिनता में एकता का सबसे मजबूत उदाहरण उसके सामने रखा ,जिससे उसके अंदर भरे हुए एक जिहादी खूंखार वादी विचारधारा से वह बाहर निकल कर एक मजबूत दृढ़ता पूर्वक निर्णय लेने में वह सफल हुआ और वह खड़ा होकर अपने पैरों को अच्छे से संभालते हुए वहां से निकलकर खुली सड़क पर आ गया। आसमान में छाए काले बादल छंट गये थे। मंद मंद हवा चल रही थी और घर की ओर लौटते पंछियों का हुजूम चहचहा रहा था । उन्हें देखकर बशीर को ऐसा महसूस हुआ मानो वह भी आज शहर में घटित घटना से दुखी है और उस पर सोच विचार कर रहे हैं, और चलते- चलते वह मुख्य सड़क तक आ गया था ।उसने हाथ के इशारे से एक ऑटो रुकवाया और उसे पुलिस थाने चलने को कहा ।जहां उसका दोस्त गुरुचरण है। फोन पर अभी संदेश आए जा रहे थे ।लेकिन उसने उसे बंद करा और जेब में डाल दिया ।आधे घंटे के बाद बशीर थाने के अंदर था ।थाने में आज कुछ ज्यादा ही चहल -पहल हो रही थी ।साहब अभी अभी आए थे उसने यहाँ आते ही पता लगा लिया था इसलिए उसने अपने नाम की चिट अंदर भेजी । 10 मिनट बाद ही उसे अंदर बुला लिया गया था। उसके अंदर पहुंचने पर गुरु चरण उसे काफी देर तक घूरता रहता है । फिर उसने उसे बैठने का इशारा किया ।क्योंकि इस दौरान काफी कुछ बदल गया था ।जिसकी वजह से वह शायद उसे पहचान नहीं पाया ।इसलिए उसने बैठते हुए कहा “आपने शायद मुझे पहचाना नहीं ,मैं बशीर खान नथिया बस्ती ।” नथिया बस्ती का नाम सुनते ही गुरचरण एकदम चौक गया और तुरंत खड़ा होकर बशीर के पास पहुंच गया ।तब तक बशीर ने भी अपनी कुर्सी छोड़ दी थी ।एकदम से उसके मुंह से गाली निकलते निकलते रूकी। उसे अंदर ही दबाकर बोला “कहां था इतने दिनों तक ?कहां-कहां नहीं ढूंढा हमने ।” ऐसा कहते हुए उसने उसे गले लगा लिया और दोनों दोस्तों की आंखें आंसू बहाने लगी । शांत होने के बाद बशीर कुर्सी पर बैठने वाला था कि गुरु चरण ने कहा,” पता है आज शहर में कितना बड़ा हादसा हो गया ।अपना दोस्त मोहन भी उस हादसे का शिकार हो गया ।” ऐसा कहते कहते उसकी आंखें भर आई थी। बसीर चौंका लेकिन उसने कुछ नहीं कहा बस सिर झुकाए मुजरिमों की तरह बैठा रहा। तब गुरु चरण ने आगे बताया कि उस एक्सीडेंट के बाद मोहन की जिंदगी बदल गई। कोमा से जब बाहर आया तो उसकी सोच एक छोटे बच्चे तक ही सीमित होकर रह गई । उसके बाबा ने उसका बहुत इलाज करवाया घर तक बेच दिया ,लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ तब उसे अपने साथ यहां इस ढाबे पर लेकर आने लगे ।क्योंकि बेटे की ऐसी हालत देख चाचीजी ने भी दुनिया जल्दी ही छोड़ दी थी। बस यह दो बाप -बेटे ही रह गए थे। लेकिन आज की इस दुर्घटना में वह भी चल बसा। चाचाजी की बची हुई जिंदगी भी दुखों में डुब गई। गुरचरण लगातार बोले जा रहा था ।लेकिन बशीर के दिमाग में सायँ- सायँ करते हुए हथौड़े चल रहे थे ।अचानक वह बीच में बोल पड़ता है ” आज का यह सारा कार्यक्रम मेरे द्वारा ही रचा गया गया था ।इस घटना का मास्टरमाइंड मैं ही हूं ।तुम जिस अपाहिज को ढूंढ रहे हो ,वह तुम्हारे सामने बैठा है।” बशीर एक ही साँस में सब कुछ कह गया कि गुरुचरण को एकदम से कुछ भी समझ नहीं आ रहा था, कि वह क्या करें ?उछलकर तेजी से खड़ा हुआ और एक खींचकर थप्पड़ बशीर के गाल पर जमा दिया, और बोला “होश में तो हो। तुम क्या बक रहे हो?”तब बशीर ने कहा , “मैं सब कुछ होश के साथ ही कह रहा हूं।” इसके साथ ही उसने अपनी राम कहानी उसे कह सुनाई ।और साथ ही वह फोन जिसमें सारे सबूत थे उसको दे दिया ।तथा हाथ जोड़कर रोते हुए बोला ,”यारा मुझे फांसी पर चढ़ा देना मैं दोस्ती के लायक नहीं हूं, मैं इसी के लायक हूं ।मैं स्वार्थ में इतना अंधा हो गया था कि मुझे कुछ भी समझ नहीं आया। लेकिन अब मेरी आंखे खुल गई है ।मैं अपने पापों का प्रायश्चित करना चाहता हूं।तुम मेरी सहायता करो।” ऐसा कहते हुए बशीर गुरु चरण के पैरों में गिर गया लेकिन गुरुचरण ने कुछ नहीं कहा और न हीं उसे उठाया , बस दीवार पर लगी हुई एक फोटो ,उस पर हाथ रखकर रोने लग गया।उस फोटो में सभी मजहबो के सिंबल्स बने हुए थे ।और साथ में लिखा था ‘मजहब नहीं सिखाता आपस में बैर रखना’। उनको मन ही मन दोहराने लगा और कहा “तूने ऐसा क्यों करा मेरे दोस्त ?” इसी के साथ उसने बशीर को उठाया और उसे इतना मारा जिससे कि वह स्वयं थक गया।तो अंत में उसे गले लगा लिया । दोनों दोस्त ऐसे ही कुछ देर गले लगे रोते रहे।फिर उसने अपने सिपाही को आवाज लगाई ।सिपाही अंदर आया तो उसने उसे हथकड़ी लाने के लिए कहा।सिपाही हथकड़ी लेकर वापिस आया तो गुरुचरण ने बशीर से कहा”यू आर अंडर अरेस्ट मिस्टर बशीर खान ।” सिपाही ने बशीर को हथकड़ी लगा दीऔर उसे अपने साथ लेकर कमरे से बाहर निकल गया लेकिन बशीर पलट कर वापिस आया और हथकड़ी लगे हाथों को जोड़कर कहने लगा कि, “रामदीन काका का ध्यान रखना मेरे यारा।” इसी के साथ अपने पैरों को घसीटते हुए बशीर सिपाही के पीछे -पीछे चला गया और गुरचरण उसे ठगा सा देखता रह गया।दूसरे दिन के समाचार पत्र में गुरु चरण की प्रशंसा के साथ कल की घटना का जिक्र किया हुआ था । गुरु चरण समाचार पत्र को हाथ में उठाता है और धप से कुर्सी पर बैठ गया क्योंकि अब उसके दिमाग ने सोचना समझना बंद कर दिया था और मानस पटल पर पुराने दृश्य चलने लगे और आँखें गंगा-जमना बहाने लगी।

MS Urmila Rathore🙏🙏

4490cookie-check*दोस्ती*

Leave comment

Your email address will not be published. Required fields are marked with *.